नजफगढ़ नाले में रहस्यमय तरीके से बड़ी संख्या में मछलियां मृत पायी गयीं : अधिकारी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 04, 2022

नयी दिल्ली। दिल्ली-हरियाणा सीमा पर नजफगढ़ नाले में पिछले कुछ दिनों में बड़ी संख्या में मछलियां रहस्यमय तरीके से मृत पाई गई हैं, जिसके बाद दिल्ली सरकार ने जांच दलों को इलाके में भेजा है। निकटवर्ती झुलझुली गांव के निवासियों का कहना है कि नाले से करीब 150 मीटर दूर स्थित उनके गांव के एक तालाब में भी मछलियां मृत मिली हैं। यह मामला उस समय सामने आया, जब वन एवं वन्यजीव विभाग का एक दल इलाके में वृक्षारोपण के लिए सर्वेक्षण कर रहा था।

इसे भी पढ़ें: क्रिकेट प्रेमी देश को महिला टीम से भी समान रूप से प्यार करना चाहिए : तापसी पन्नू

दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक दल ने रविवार सुबह नाले से पानी के नमूने लिए थे। जैव रासायनिक ऑक्सीजन की मांग (बीओडी) और घुलनशील ऑक्सीजन के स्तर का पता लगाया जा रहा है और चार से पांच दिनों में रिपोर्ट मिल जाएगी। बीओडी का अर्थ है कि बैक्टीरिया और अन्य सूक्ष्मजीव पानी में कार्बनिक पदार्थों को विघटित करते समय कितनी ऑक्सीजन का इस्तेमाल कर रहे हैं। उच्च बीओडी स्तर का मतलब है कि पानी में सूक्ष्मजीवों की संख्या अधिक है और जीव कार्बनिक पदार्थों की उच्च मात्रा विघटित कर रहे है। बीओडी का उच्च स्तर पानी में घुलनशील ऑक्सीजन की कम मात्रा और उच्च जल प्रदूषण को इंगित करता है।

अधिकारी ने कहा कि इसका कारण बारिश जैसी प्राकृतिक घटना भी हो सकती है। गांव में रहने वाले दीपक यादव ने कहा, ‘‘बारिश हर साल होती है। ऐसा पहले कभी क्यों नहीं हुआ?’’ उन्होंने कहा कि कुछ ऐसा हुआ है, जिसने नाले और उसकी पारिस्थितिकी के प्रवाह को बाधित कर दिया है। वन अधिकारियों ने बताया कि ऐसी खबरें हैं कि मृत मछलियों को खुले बाजार में बेचने के लिए एकत्र किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे लोगों के स्वास्थ्य को खतरा हो सकता है। वन विभाग मृत मछलियों का पोस्टमार्टम कराने के प्रयास कर रहा है।

प्रमुख खबरें

US Senator Richard Blumenthal ने Russia से डीजल सौदे को बताया शर्मनाक

Haridwar Severe Hailstorm | हरिद्वार से देहरादून तक बिगड़े हालात, मूसलाधार बारिश और भीषण ओलावृष्टि से हाहाकार, मौसम विभाग का येलो अलर्ट जारी

High Court का आदेश: लखनऊ के स्कूल की जमीन से तीन माह में हटाएं अवैध कब्जे

वोट चोरी और चुनाव में गड़बड़ी, INDIA bloc के नेताओं ने राष्ट्रपति मुर्मू से की मुलाकात, सौंपा 4-सूत्रीय ज्ञापन, राहुल गांधी बोले- राष्ट्रपति ने मांगे सबूत