By अभिनय आकाश | Apr 19, 2025
खडूर साहिब से निर्दलीय सांसद और खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह की हिरासत अवधि पंजाब सरकार ने एक साल के लिए बढ़ा दी है। वह फिलहाल असम की डिब्रूगढ़ जेल में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत बंद हैं और पिछले दो साल से वहीं सजा काट रहे हैं। 23 अप्रैल को अमृतपाल की एनएसए के तहत दो साल की हिरासत अवधि पूरी होने वाली है। पंजाब पुलिस की एक टीम अमृतपाल को पंजाब वापस लाने की तैयारी कर चुकी थी, लेकिन आखिरी वक्त में राज्य और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के बीच विचार-विमर्श के बाद एनएसए के तहत उनकी हिरासत अवधि एक साल और बढ़ाने का फैसला किया गया। अमृतसर के जिला मजिस्ट्रेट की सिफारिश पर राज्य गृह विभाग ने उनकी हिरासत अवधि एक साल और बढ़ाने को मंजूरी दे दी। एनएसए के अलावा अमृतपाल सिंह पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत भी आरोप हैं।
पंजाब सरकार ने पुलिस हिरासत में बंद नौ आरोपियों की एनएसए हिरासत को नहीं बढ़ाने का फैसला किया है। वे हैं बसंत सिंह, भगवंत सिंह बाजेखाना, गुरुमीत सिंह बुक्कनवाला, सरबजीत कलसी, गुरिंदर पाल सिंह, हरजीत सिंह, कुलवंत सिंह, पप्पलप्रीत सिंह और वरिंदरपाल जोहल।