तेजस्वी के घर हुई ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं की बैठक, दो दिन में सीट बंटवारे के फॉर्मूले का ऐलान होगा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 06, 2025

बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा शीघ्र होने की संभावना के बीच, ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के नेताओं की बैठक रविवार को तेजस्वी यादव के आवास पर हुई जिसमें सीट बंटवारे पर चर्चा की गई और यह तय किया गया कि सीट के बंटवारे का फॉर्मूला “अगले दो दिनों में” सार्वजनिक किया जाएगा।

बैठक के बाद विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी ने संवाददाताओं से कहा, “सभी बातें तय हो चुकी हैं, लेकिन फिलहाल मैं विवरण नहीं बता सकता। परसों हम संवाददाता सम्मेलन में पूरी जानकारी साझा करेंगे।”

सहनी ने पिछले साल लोकसभा चुनाव से ठीक पहले ‘इंडिया’ गठबंधन का दामन थामा था। इससे पहले उनका दल सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल था और 2020 के विधानसभा चुनाव में अपनी सीट हारने के बावजूद मंत्री बनाए गए थे।

राजद के राष्ट्रीय महासचिव आलोक मेहता ने सीट बंटवारे और संभावित नए सहयोगियों को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब में कहा, “अधिकांश बातें तय हो चुकी हैं, कुछ मामूली बिंदु बचे हैं, जिन्हें दो दिनों में अंतिम रूप दे दिया जाएगा। फिर सारी जानकारी साझा की जाएगी।”

बिहार चुनाव के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस की राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (आरएलजेपी) और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पार्टी झामुमो (झारखंड मुक्ति मोर्चा) के भी शामिल होने की संभावना है।

इससे पहले, कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजेश कुमार और पार्टी के बिहार प्रभारी कृष्ण अल्लावरू ने बैठक में शामिल होने से पहले बताया था कि “सीट बंटवारा” और “संभावित उम्मीदवारों” पर चर्चा मुख्य मुद्दे होंगे।

उधर, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में बिहार के दो दिवसीय दौरे पर आई निर्वाचन आयोग की टीम ने रविवार को पटना में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव लिये और अधिकारियों के साथ चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।

संवाददाता सम्मेलन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने स्पष्ट किया कि बिहार विधानसभा चुनाव की पूरी प्रक्रिया 22 नवंबर से पहले पूरी कर ली जाएगी, क्योंकि वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल उसी दिन समाप्त हो रहा है।

प्रमुख खबरें

क्या सच में इमरान खान की मौत हो गई? PTI बोली- 20 लाख लोग तैयार रहे

Shaurya Path: Kargil War के दौरान क्या America ने सचमुच India के GPS Signals Degradation कर धोखा दिया था?

Kerala Drug Row: कासरगोड ड्रग्स मामले में VD Satheesan पर CPI(M) का बड़ा हमला, बताया गंभीर Drug Connection

Health Tips: Digital Age में ब्रेन स्ट्रोक का नया लक्षण Dystextia, मोबाइल पर गलत मैसेज भेजना हो सकता है Stroke का संकेत