By एकता | Nov 29, 2026
केंद्र सरकार के परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी गठबंधन में मतभेद सामने आने लगे हैं। डीएमके और शरद पवार की एनसीपी (एसपी) ने संशोधित बिल का समर्थन करने का फैसला किया है। वहीं, कांग्रेस इस फैसले को बदलने और विपक्षी दलों को एक साथ लाने की कोशिश कर रही है।
इसी सिलसिले में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सोनिया गांधी रविवार को चेन्नई में डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और मुंबई में एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार से मुलाकात करेंगे। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होना है। ऐसे में इन बैठकों को काफी अहम माना जा रहा है।
तय कार्यक्रम के मुताबिक, कांग्रेस नेता दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे के बीच चेन्नई में स्टालिन से मिलेंगे। इसके बाद वे मुंबई जाएंगे, जहां रात 8 बजे शरद पवार के साथ बैठक होनी है।
कांग्रेस के अलावा तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी और आरजेडी व समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधियों के भी इन चर्चाओं में शामिल होने की संभावना जताई गई है।
सूत्रों के मुताबिक, डीएमके सांसद कनिमोझी ने रविवार सुबह मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिसीमन के मुद्दे पर विपक्षी दलों को एकजुट करने में कांग्रेस की ओर से देरी होने को लेकर डीएमके की चिंता बताई। कनिमोझी ने कहा कि डीएमके का फैसला तमिलनाडु के हितों को ध्यान में रखकर लिया गया है। पार्टी का मानना है कि अगर उसकी मांगें नहीं मानी जातीं, तो राज्य को इससे ज्यादा नुकसान हो सकता था।
सूत्रों के अनुसार, कनिमोझी ने कांग्रेस नेताओं से स्टालिन के साथ बैठक न करने की अपील भी की थी, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व बैठक करने के अपने फैसले पर आगे बढ़ना चाहता था। डीएमके का मानना है कि परिसीमन के मुद्दे पर उसने पहले से आवाज उठाई है, जबकि कांग्रेस पिछले कुछ महीनों से इस पर ज्यादा सक्रिय नहीं रही। पार्टी की तरफ से अब तक कोई ठोस विकल्प भी सामने नहीं आया है।
कनिमोझी ने यह भी कहा कि तमिलनाडु के लोग संसद में राज्य की मौजूदा हिस्सेदारी कम होना स्वीकार नहीं करेंगे। डीएमके का रुख है कि किसी भी नए फैसले में राज्य के हित सुरक्षित रहने चाहिए।
डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने शनिवार को बताया था कि संशोधित परिसीमन बिल में उनकी पार्टी की दो अहम मांगों को लिखित रूप में शामिल किया गया है। लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए। 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखा जाना चाहिए।
स्टालिन के मुताबिक, पहले पेश किए गए बिल में ये आश्वासन नहीं थे। इसी वजह से डीएमके ने अप्रैल में उसका विरोध किया था। स्टालिन ने कहा था, "यह 2024 से डीएमके की ओर से लगातार किए जा रहे संघर्ष की जीत है। यह तमिलनाडु समेत सभी दक्षिणी राज्यों की जीत है।" उन्होंने यह भी कहा कि सभी राज्यों में 1971 की जनसंख्या के आधार पर 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने वाले इस बिल को न मिलने की स्थिति में क्या होगा, इस पर शांति से विचार करना चाहिए।
डीएमके सांसदों की बैठक में संशोधित मसौदे की समीक्षा के बाद पार्टी ने इसका समर्थन करने का फैसला लिया। डीएमके नेता ए. राजा ने कहा कि तमिलनाडु की लोकसभा सीटों में हिस्सेदारी 7.18 प्रतिशत से बढ़कर 7.21 प्रतिशत हो जाएगी।
इस साल अप्रैल में संसद के विशेष सत्र से कुछ घंटे पहले एमके स्टालिन ने केंद्र सरकार के पुराने परिसीमन बिल का विरोध किया था। उन्होंने बिल की कॉपी जलाकर इसे 'काला कानून' बताया था। स्टालिन का कहना था कि इस बिल से तमिल लोगों को अपनी ही जमीन पर बाहरी बना दिया जाएगा।
अब संशोधित बिल में अपनी मांगें शामिल होने के बाद डीएमके ने इसका समर्थन करने का फैसला किया है। पार्टी का कहना है कि उसका विरोध परिसीमन से नहीं, बल्कि तमिलनाडु की संसद में हिस्सेदारी घटने की आशंका से था।
शरद पवार की पार्टी एनसीपी (एसपी) के लोकसभा में आठ सांसद हैं। पार्टी ने भी संशोधित परिसीमन प्रस्तावों का समर्थन करने के संकेत दिए हैं। पार्टी नेताओं ने इसे संवैधानिक जरूरत बताया है।
एनसीपी के शहर अध्यक्ष विशाल तांबे के मुताबिक, पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले पहले ही इस मुद्दे पर पार्टी का रुख साफ कर चुकी हैं। उनका कहना है कि सभी राज्यों की मौजूदा सीटों को सुरक्षित रखते हुए उनमें 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी होनी चाहिए।
दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी ने परिसीमन बिल को लेकर संसद के आगामी सत्र के लिए अपने सभी लोकसभा सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। इसके तहत सांसदों को पार्टी के निर्देशों का पालन करना होगा।
मौजूदा अनुमान के मुताबिक, एनडीए के पास करीब 320 सांसदों का समर्थन है। इसमें बीजेपी के 241 सांसद और उसके सहयोगी दलों के सांसद शामिल हैं।अगर डीएमके के 22 और एनसीपी (एसपी) के आठ सांसद भी सरकार के प्रस्ताव का समर्थन करते हैं, तो यह आंकड़ा करीब 350 तक पहुंच सकता है। ऐसे में परिसीमन बिल पर संसद में होने वाली चर्चा और वोटिंग से पहले विपक्षी दलों के बीच एकजुटता बनाए रखना कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।