बहराइच के कतर्नियाघाट में तेंदुए के हमले में सो रहे युवक की मौत

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 02, 2026

बहराइच, एक सितंबर उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के एक गांव में मंगलवार तड़के घर के बरामदे में चारपाई पर सो रहे एक युवक पर तेंदुए ने कथित तौर पर हमला किया और उसे उठाकर ले गया, जिससे उसकी मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अपूर्व दीक्षित ने बताया कि ककरहा रेंज के महबूबनगर गांव में तड़के एक तेंदुआ घर के बरामदे में चारपाई पर सो रहे राम सिंह (28) को उठाकर ले गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वनकर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में तेंदुए के पगचिह्न भी मिले हैं।

डीएफओ ने बताया कि युवक की मौत के बाद प्रभावित परिवार को तत्काल 10,000 रुपये की सहायता राशि उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने कहा कि वन्यजीव के हमले में मौत के मामले में शासन से अनुमन्य पांच लाख रुपये की मुआवजा राशि दिलाने के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। दीक्षित ने बताया कि पिछले करीब छह सप्ताह के दौरान कतर्नियाघाट क्षेत्र में पिंजरे लगाकर नौ तेंदुओं को पकड़ा गया और उन्हें सुरक्षित प्राकृतिक वास स्थलों में छोड़ा गया है।

उन्होंने कहा कि मंगलवार तड़के हुई इस घटना के बाद प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा लगाने की तैयारी पूरी कर ली गई है और इसके लिए उच्चाधिकारियों से अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलते ही पिंजरा स्थापित कर दिया जाएगा। वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से रात के समय विशेष सावधानी बरतने तथा बच्चों और बुजुर्गों को अकेले बाहर न जाने देने की अपील की है।

प्रमुख खबरें

LIC ने 70वीं सालगिरह पर लॉन्च कीं 2 नई योजनाएं! बीमा प्लेटिनम बनाएगी वेल्थ, जीवन रक्षा देगी परिवार को पक्की सुरक्षा, पढ़ें पूरी डिटेल

गोवा विधानसभा में बाल अधिनियम से कुष्ठ रोग का संदर्भ हटाने वाला संशोधन विधेयक पारित

आतंकवाद पर दोहरे मापदंड के खिलाफ SCO का बिश्केक घोषणापत्र जारी, सीमा पार आतंक पर सख्त रुख

शी चिनफिंग और शहबाज शरीफ की मौजूदगी में पीएम मोदी ने SCO बैठक में आतंकवाद पर दोहरे मापदंड छोड़ने को कहा