Lionel Messi के पिता Jorge Messi का निधन, 68 वर्ष की उम्र में रोसारियो में ली अंतिम सांस

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 09, 2026

मोंटेवीडियो (उरुग्वे), आठ अगस्त (एपी) फुटबॉल स्टार और अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेस्सी के पिता जॉर्ज मेस्सी का शनिवार को मध्य अर्जेंटीना के शहर रोसारियो के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 68 वर्ष के थे। रोसारियो स्थित क्लब एटलेटिको न्यूवेल्स ओल्ड बॉयज ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए उनके निधन की जानकारी दी।

लियोनेल मेस्सी ने इस वर्ष के विश्व कप में अर्जेंटीना को उपविजेता बनाया। टीम के पहले मैच में अल्जीरिया के खिलाफ अपने तीन गोल में से पहला गोल करने के बाद वह भावुक नजर आए थे। बाद में उन्होंने कहा कि वह ‘खेल से जुड़ी किसी वजह से नहीं’ रोए थे।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने मुश्किल और कठिन दिन बिताए। मैं दल और अपने सभी साथियों का आभारी हूं क्योंकि वे हमेशा मेरे साथ रहे और मुझे हिम्मत देते रहे, ताकि मैं ठीक रह सकूं। ’’ उस समय मीडिया में आई खबरों से मेस्सी परिवार काफी नाराज हुआ था।

कुछ दिनों बाद परिवार ने एक बयान जारी कर पुष्टि की कि ‘जॉर्ज स्वास्थ्य संबंधी समस्या से जूझ रहे हैं’, लेकिन उनकी बीमारी की प्रकृति के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी। जॉर्ज मेस्सी रासायनिक तकनीशियन थे और स्टील उद्योग में काम करते थे। वह मिडफील्डर के रूप में फुटबॉल भी खेलते थे और न्यूवेल्स ओल्ड बॉयज की युवा टीम तक पहुंचे थे, लेकिन अर्जेंटीना में अनिवार्य सैन्य सेवा पूरी करने के लिए उन्हें फुटबॉल छोड़ना पड़ा।

उन्होंने अपने तीसरे बेटे लियोनेल के करियर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह उनके एजेंट रहे और उनके व्यावसायिक मामलों का प्रबंधन करते थे। 2000 के दशक की शुरुआत में वही युवा लियोनेल मेस्सी को ट्रायल के लिए बार्सिलोना लेकर गए थे।

इसी ट्रायल ने लियोनेल मेस्सी के लिए कैटालुनियाई क्लब की युवा अकादमी ला मासिया के दरवाजे खोल दिए। लियोनेल मेस्सी ने 2005 में पेशेवर फुटबॉल में पदार्पण किया और बाद में आठ बार ‘बैलन डीओर’ पुरस्कार जीता। उन्होंने अर्जेंटीना को 2022 का विश्व कप खिताब दिलाया।

2007 में रेडियो डेल प्लाता को दिए एक इंटरव्यू में लियोनेल मेस्सी ने कहा था, ‘‘मेरे पिता हमेशा मेरे साथ रहे। कभी-कभी बार्सिलोना पहुंचने पर मैं अपने कमरे में बंद होकर रोता था, मेरे पिता भी मेरे सामने नहीं रोकर अकेले रोते थे, या यह सोचते थे कि मैंने उन्हें रोते हुए नहीं देखा। हम दोनों ऐसा दिखावा करते थे कि हम ठीक हैं, लेकिन हम ठीक नहीं थे।

मेरे पिता मुझसे यह भी पूछते थे कि जब निराशा होती है तो मैं क्या करना चाहता हूं, क्या मैं वहीं रहना चाहता हूं या वापस जाना चाहता हूं। मैं रहना चाहता था और वह मेरे साथ रहे। ’’ जॉर्ज मेस्सी ने बार्सिलोना के साथ लियोनेल के अनुबंधों पर बातचीत की और बाद में पेरिस सेंट-जर्मेन तथा इंटर मियामी में उनके स्थानांतरण से जुड़े सौदे भी किए।

वह अपने प्रसिद्ध बेटे के ‘इमेज राइट्स’ के इस्तेमाल के साथ-साथ ‘रीयल एस्टेट’, होटल और रेस्तरां में किए गए उनके कई निवेशों का प्रबंधन भी करते थे। 2016 में पिता और पुत्र को स्पेन की अदालतों ने कर चोरी के आरोपों में दोषी ठहराया था। हालांकि, उन्हें जेल नहीं जाना पड़ा क्योंकि सजा दो साल से कम थी।

प्रमुख खबरें

Sawan 2026: कामिका एकादशी पर Dwi-Pushkar Yoga का महासंयोग, इन राशियों के खुलेंगे किस्मत के द्वार

Mahesh Babu Birthday: 9 साल का ब्रेक और South Cinema का बादशाह बनने तक का सफर, जानें अनसुने Facts

Nagasaki Day: US ने जब Nagasaki पर गिराया Fat Man परमाणु बम, जिसने बदल दिया World History का पूरा चेहरा

Oleksiy Yukov को कीव में दी गई अंतिम विदाई, Ukraine में बारूदी सुरंग विस्फोट में हुई मौत