लोकसभा में कल शुरू हो सकती है लोक परीक्षा संशोधन विधेयक पर चर्चा, गतिरोध दूर करने पर बनी सहमति

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 27, 2026

नयी दिल्ली, 27 जुलाई नीट प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे को लेकर लोकसभा में जारी गतिरोध दूर करने पर सहमति बन गई है और मंगलवार से सदन में लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) विधेयक, 2026 पर चर्चा शुरू हो सकती है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने कहा, ‘‘लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की पहल पर सभी प्रमुख राजनीतिक दल मंगलवार को लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) विधेयक, 2026 पर चर्चा के लिए सहमत हो गए हैं।’’ प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोमवार को सदन में विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पेश किया।

उन्होंने कहा, ‘‘यह हमारे देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य, उनकी मेहनत और उनकी आकांक्षाओं से जुड़ा अत्यधिक महत्वपूर्ण विधेयक है। यह विधेयक प्रश्नपत्र लीक जैसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, दोषियों के विरुद्ध कठोर दंड प्रावधान कर करोड़ों युवाओं के हितों की रक्षा की दिशा में अहम कदम है।’’ उन्होंने सत्तापक्ष और विपक्ष को तीन घंटे का समय देते हुए कहा कि ‘‘शाम को पांच बजे तक सरकार और सभी दल मिलकर सहमति बनाएं, ताकि पांच बजे इस विधेयक पर चर्चा शुरू हो सके।’’ बिरला ने कहा कि वह इस विधेयक पर चर्चा के लिए छह घंटे का समय देने के लिए तैयार हैं तथा सदस्य चाहें तो और भी अधिक समय बढ़ाया जा सकता है। हालांकि, आज सदन में इस विधेयक पर चर्चा शुरू नहीं हो सकी और कार्यवाही तीन बार के स्थगन के बाद दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।

सूत्रों के अनुसार लोकसभा अध्यक्ष ने विभिन्न राजनीतिक दलों के सदनों के नेताओं से बातचीत की और परिणामस्वरूप सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच मंगलवार को विधेयक पर विस्तृत चर्चा कराने को लेकर सहमति बनी।

प्रमुख खबरें

Sheetal Devi ने तीरंदाजी में जीता गोल्ड, Omar Abdullah ने दी बधाई

Bank Strike: 5-Day Work Week को लेकर इस बार सरकार से आर-पार की लड़ाई के मूड़ में हैं Bank Employees Unions

Ganesh Chaturthi special: Puducherry के Manakula Vinayagar Temple की महिमा और इतिहास

18th BRICS Summit: दिल्ली पहुंचे Antonio Guterres, भारत के नेतृत्व में Global Governance Reforms पर बड़ा मंथन