By अंकित सिंह | May 22, 2024
राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर का मानना है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस बार पूर्व और दक्षिण से 20-25 सीटें जोड़ेगी। यह एक ऐसा क्षेत्र जहां भगवा पार्टी ने विस्तार करने के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने यह भी कहा कि भगवा पार्टी 270 से नीचे नहीं जाएगी और संभवत: 300 से अधिक सीटें जीतेगी। रणनीतिकार ने कहा कि पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और ओडिशा में भाजपा की संख्या बढ़ेगी। 2019 में बीजेपी ने बंगाल में 42 में से 18, तेलंगाना में 17 में से 4 और ओडिशा में 21 में से 8 सीटें जीतीं। इस बार वह इन राज्यों और तमिलनाडु में अपनी संख्या बढ़ाना चाहती है।
किशोर ने कहा, यह वह क्षेत्र है, जहां पिछले दस वर्षों में भाजपा का प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा है। इस क्षेत्र में आज बीजेपी के पास 50 से भी कम सीटें हैं। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा को हारना है, तो किसी को यह देखना होगा कि क्या वह उत्तर और पश्चिम में सीटें खो रही है। मेरा आकलन है कि इन दोनों क्षेत्रों में भाजपा को कोई बड़ी क्षति नहीं हुई है। दिग्गज रणनीतिकार ने कहा कि पूर्व और दक्षिण में बीजेपी की सीट और वोट शेयर बढ़ने वाले हैं। उन्होंने भविष्यवाणी की कि भाजपा को इन क्षेत्रों में वर्तमान की तुलना में 15-20 सीटें अधिक मिलेंगी। प्रशांत किशोर की भविष्यवाणी कहीं ना कहीं INDIA गुट की टेंशन बढ़ाने वाली है।