IPL 2023: प्लेऑफ की रेस में मुंबई पर भारी पड़ी लखनऊ, दिलचस्प मुकाबले में 5 रनों से हराया

By अंकित सिंह | May 16, 2023

आईपीएल 2023 के एक दिलचस्प मुकाबले में लखनऊ सुपरजाइंट्स ने मुंबई इंडियंस को 5 रनों से हरा दिया। प्लेऑफ की दौड़ में खुद को मजबूत करने के लिए दोनों ही टीमों के लिए आज का मुकाबला जीतना बेहद जरूरी था लेकिन लखनऊ सुपरजाइंट्स ने बाजी मार ली। 178 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत शानदार रही और रोहित शर्मा तथा ईशान किशन के बीच 90 रनों के लिए साझेदारी हुई लेकिन इन दोनों के आउट होने के बाद से ही मुंबई की टीम पूरी तरीके से लड़खड़ा गई। ईशान किशन ने 59 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। पहले रोहित शर्मा और फिर ईशान किशन को आउट करने के बाद रवि बिश्नोई ने इस मुकाबले में लखनऊ सुपरजाइंट्स को वापस ला दिया। आज मुंबई की ओर से सूर्यकुमार यादव की कुछ खास कमाल नहीं कर सके। लखनऊ की ओर से 2-2 विकेट रवि बिश्नोई और यश ठाकुर ने चटकाए जबकि एक विकेट मोहसीन खान को मिला। इस जीत के साथ ही लखनऊ के अब 15 अंक हो गए हैं वही मुंबई 14 अंकों के साथ चौथे नंबर पर खिसक गई है। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए दोनों ही टीमों को अपने अगले मुकाबले जीतने जरूरी हो सकते हैं।

 

इससे पहले मार्कस स्टोइनिस की कैरियर की सर्वश्रेष्ठ 89 रन की नाबाद पारी के दम पर लखनऊ सुपर जाइंट्स ने खराब शुरूआत से उबरते हुए आईपीएल में मंगलवार को कठिन पिच पर तीन विकेट पर 177 रन बनाये। स्टोइनिस ने 47 गेंद की अपनी पारी में आठ छक्के लगाये और कार्यवाहक कप्तान कृणाल पंड्या (49 रिटायर्ड हर्ट) के साथ 82 रन की साझेदारी की। इससे पहले लखनऊ ने सातवें ओवर में तीन विकेट 35 रन पर गंवा दिये थे। लखनऊ ने इस सत्र में अपने लिये सर्वाधिक रन बनाने वाले काइल मायर्स को बाहर रखने का विवादित फैसला लिया जो गलत भी साबित हुआ। उनकी जगह आये दीपक हुड्डा पांच रन बनाकर जैसन बेहरेनडोर्फ का शिकार हुए। जैसन ने अगली गेंद पर प्रेरक मांकड़ को भी पवेलियन भेजा। सातवें ओवर में क्विंटोन डिकॉक के आउट होने से लखनऊ की हालत और खराब हो गई। उन्होंने 15 गेंद में 16 रन बनाये। वह पीयूष चावला की गुगली पर विकेट के पीछे ईशान किशन को कैच दे बैठे। इसके बाद से स्टोइनिस और कृणाल ने मोर्चा संभाला। कृणाल 16वें ओवर में असहज महसूस होने के कारण रिटायर हो गए। इसके बाद स्टोइनिस ने स्पिनर रितिक शोकीन और चावला को लगातार ओवरों में छक्के जड़े। इस पिच पर स्ट्रोक्स खेलना कठिन था लेकिन स्टोइनिस ने अपनी ताकत का पूरा इस्तेमाल किया। क्रिस जोर्डन के डाले 18वें ओवर में 24 रन बने जिसमें दो छक्के और तीन चौके शामिल थे। उन्होंने पारी का अंत आकाश मढवाल को छकका लगाकर किया। मुंबई के गेंदबाजों ने आखिरी तीन ओवरों में 54 रन दे डाले।

प्रमुख खबरें

GOAT इंडिया टूर 2025: लियोनल मेसी ने वीडियो साझा कर भारत को कहा धन्यवाद

FIFA The Best Awards 2025: डेम्बेले और बोनमती बने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

IND vs SA लखनऊ टी20: भारत की 14वीं सीरीज़ जीत या दक्षिण अफ्रीका की वापसी

IPL Auction 2026: अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों का जलवा, करोड़पति क्लब में धमाकेदार एंट्री