By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 31, 2026
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने अलीगंज इलाके में उस अवैध वाणिज्यिक इमारत के स्वामी को 26.14 लाख रुपये वसूली का नोटिस जारी किया है जिसमें 22 जून को लगी आग से झुलसकर 15 लोगों की मौत हो गई थी। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि प्राधिकरण ने अनधिकृत ढांचे को ध्वस्त करने पर हुए खर्च की वसूली की मांग करते हुए यह नोटिस जारी किया है।
लखनऊ विकास प्राधिकरण के प्रवर्तन जोन-4 के तहत अलीगंज के सेक्टर डी में स्थित इस इमारत का निर्माण रिहाइशी ढांचे के तौर पर कराया गया था, लेकिन अनधिकृत निर्माण के जरिए इसे व्यावसायिक प्रतिष्ठान में तब्दील कर दिया गया था। गत 22 जून को इस इमारत के दूसरे तल पर एक कार्यालय में भीषण आग के बाद वहां फंसने से 15 लोगों की मृत्यु हो गई थी, जबकि पांच अन्य लोग किसी तरह बच गए थे।