By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 25, 2023
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने संकटग्रस्त सूडान में फंसे राज्य और देश के अन्य हिस्सों के लोगों की मदद के लिए एक हेल्पलाइन शुरू की है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। नियमित सेना और एक अर्धसैनिक बल के बीच सत्ता संघर्ष के बाद भयंकर लड़ाई का सामना कर रहे इस अफ्रीकी देश से अपने नागरिकों को वापस लाने के लिए भारत ने सोमवार को ऑपरेशन कावेरी शुरू किया। अधिकारी ने कहा कि सूडान में फंसे मध्य प्रदेश या अन्य राज्यों में वापस आने के इच्छुक लोग हेल्पलाइन 91-755-2555582 पर संपर्क कर सकते हैं और अपना विवरण साझा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उन्हें वहां से निकालने केलिए केंद्र के साथ समन्वय करेगी।
भारत ने रविवार को कहा कि उसने फंसे हुए भारतीयों को निकालने के लिए भारतीय वायुसेना के दो परिवहन विमानों को सऊदी अरब के शहर जेद्दा और नौसैनिक जहाज आईएनएस सुमेधा को ‘पोर्ट सूडान’ में तैनात किया है। इससे पहले केंद्र ने कहा था कि वह वर्तमान में पूरे सूडान में स्थित 3,000 से अधिक भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। सूडान मे पिछले 11 दिनों से देश की सेना और एक अर्धसैनिक समूह के बीच घातक लड़ाई हो रही है जिससे वहां फंसे हुए लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ रही हैं।