मध्यप्रदेश पुलिस मुखिया ने कहा नेता करें अच्छा व्यवहार, तो दिग्विजय बोले अफसरों को प्रशिक्षण की जरूरत

By दिनेश शुक्ल | Feb 20, 2020

भोपाल। मध्यप्रदेश के पुलिस मुखिया डीजीपी वी.के.सिंह ने नेताओं को अनुशासन सीखने की बात कही है। उन्होनें आईपीएस 2020 मीट के दौरान प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के सामने यह बात कही। डीजीपी वी.के.सिंह ने कहा कि नेता अधिकारियों से अच्छा व्यवहार करें इस बात की भी सीख और प्रशिक्षण उन्हें दिया जाना चाहिए। डीजीपी का पुलिस अधिकारियों के पक्ष में इस तरह से खुलकर सामने आना चर्चा का विषय बना रहा। डीजीपी वी.के. सिंह ने पुलिस अधिकारीयों से कहा कि चुनौतियों का सामना वह डटकर करें।

इसे भी पढ़ें: नफरत फैलाने की कोशिश करने वालों को जनता ने उखाड़ फेंका: दिग्विजय सिंह

इससे पहले अधिकारियों को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि आए दिन सुनने में आता है कि अधिकारी का जनता से विवाद हो गया। ऐसा नहीं होना चाहिए, अधिकारियों को सबसे अच्छा समान व्यवहार करना चाहिए। कोई किसी भी जाति या धर्म का हो अधिकारियों को उससे समान व्यवहार ही करना चाहिए। इससे विवाद की कोई स्थिति कभी नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि विवाद की स्थिति तब बनती है, जब आप जाति या धर्म देखकर सबसे अलग अलग व्यवहार करते हैं। आईपीएस मीट 2020 में शामिल होने प्रदेश भर से पुलिस अधिकारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और डीजीपी वीके सिंह से सवाल-जवाब के जरिए रूबरू हुए इस दौरान जहाँ पुलिस अधिकारीयों ने दिग्विजय सिंह से खुलकर सवाल पूछे तो पूर्व मुख्यमंत्री ने भी खुलकर जवाब दिए।

इसे भी पढ़ें: मोदी और शाह आंदोलनकारियों से सीधे संवाद करें: दिग्विजय सिंह

वही प्रदेश के पुलिस मुखिया वी.के. सिंह ने पुलिस अधिकारीयों से अपने कर्तव्य को निभाने में कभी पीछे नहीं हटने की बात कही। उन्होंने कहा कि अब अपराधियों से निपटने के तरीके भी बदलने की जरूरत है। जबकि मीट के दौरान एक पुलिस अफसर ने दिग्विजय सिंह से पूछा कि एनआरसी और सीएए सही है या नहीं आप इसे क्यों लागू नहीं होने देना चाहते। इस पर दिग्विजय ने कहा कि मैं सीएए और एनआरसी के लागू होने के पक्ष में नहीं हूं। इसे लागू करने के पहले इसमें सुधार किया जाना चाहिए। आईपीएस मीट में मुख्यमंत्री कमलनाथ भी पहुँचे जहाँ पुलिस अधिकारीयों ने उनसे पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू करने को लेकर सवाल किए। आईपीएस मीट 2020 के दौरान कई रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी पुलिस अधिकारीयों ने दी।