Maharajganj में कूड़ेदान खरीद घोटाला: पूर्व ADM और SDM समेत 12 लोगों पर EOW ने दर्ज किया केस

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 19, 2026

उत्तर प्रदेश में महाराजगंज जिले में आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने घुघली नगर पंचायत में कूड़ेदान खरीदने के नाम पर कथित आर्थिक अनियमितता एवं सरकारी धन के गबन के मामले में पूर्व अपर जिलाधिकारी (एडीएम), उपजिलाधिकारी (एसडीएम) तथा नगर पंचायत के अधिकारियों समेत 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार, मामला वर्ष 2018 में घुघली नगर पंचायत द्वारा 100 लीटर क्षमता वाले 200 कूड़ेदान खरीदने से जुड़ा है। जांच में पता चला कि स्थानीय बाजार में एक कूड़ेदान की कीमत 2,400 से 3,400 रुपये के बीच थी, जबकि टेंडर 14,160 रुपये प्रति कूड़ेदान की दर से मंजूर किया गया।

इससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका सामने आई। जांच में टेंडर के नियमों के उल्लंघन की बात भी सामने आई है। जांच के अनुसार, खरीद प्रक्रिया शुरू होने के करीब पांच साल बाद 20 मई और 21 अगस्त 2023 को सौरभ एग्रो केमिकल्स को 13.68-13.68 लाख रुपये की दो किस्तों में कुल 27.36 लाख रुपये का भुगतान किया गया।

मामले में पूर्व एडीएम इंद्रभूषण वर्मा, पूर्व एसडीएम सत्य प्रकाश मिश्रा, पूर्व कार्यकारी अधिकारी लव कुमार मिश्रा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष उर्मिला देवी और मौजूदा अध्यक्ष संतोष जायसवाल के नाम शामिल हैं। इनके अलावा एक पूर्व क्लर्क, अन्य अधिकारियों और तीन फर्म संचालकों को भी आरोपी बनाया गया है। इनमें सौरभ एग्रो केमिकल्स के संजय सिंह तथा नारायण एग्रो केमिकल्स के लक्ष्मीशंकर सिंह और सीमा सिंह शामिल हैं।

ईओडब्ल्यू ने अजीत सिंह की शिकायत पर जांच की थी। सरकार ने 23 सितंबर 2026 को जांच रिपोर्ट को मंजूरी दी। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

जांच अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मामला पहले लखनऊ में दर्ज हुआ था, जिसे बाद में जांच के लिए वाराणसी स्थानांतरित कर दिया गया। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

प्रमुख खबरें

जहां मिले ट्रंप-पुतिन-जिनपिंग, वहां डांस करते और कॉफी सर्व करते रोबॉट ने लूट ली महफिल

गूंजे धरती-आसमान, पंडित-पासी-पासवान! चौखट-चौखट चिराग के जरिए UP में बिहार दोहराने पर आमादा, 403 सीटों पर तैयारी के समझें मायने

Hong Kong Open में Rakshitha Ramraj का बड़ा धमाका, ओलंपिक चैंपियन चेन यू फेई को हराया

Pakistan की राह पर चल पड़ा Bangladesh, विरोधियों के निशाने पर पूर्व हुक्मरान, Muhammad Yunus के पैतृक घर को लगाई गई आग