Hong Kong Open में Rakshitha Ramraj का बड़ा धमाका, ओलंपिक चैंपियन चेन यू फेई को हराया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 19, 2026

भारत की रक्षिता रामराज ने बृहस्पतिवार को यहां हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में उलटफेर करते हुए तोक्यो ओलंपिक चैंपियन और दुनिया की चौथे नंबर की खिलाड़ी चीन की चेन यू फेई को सीधे गेम में हरा दिया। कोयंबटूर की 19 वर्षीय रक्षिता ने यूफेई को 21-18, 24-22 से हराकर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की यादगार जीत में से एक दर्ज की। रक्षिता ने शुरुआती दौर में डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ट को भी हराकर उलटफेर किया था।

मैच के बाद रक्षिता ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह मेरे करियर की अब तक की सबसे बड़ी जीत में से एक है। वह मेरी सबसे बड़ी आदर्श हैं और मुझे अब भी विश्वास नहीं हो रहा कि मैंने उन्हें हरा दिया। यह मेरे बैडमिंटन करियर के सबसे यादगार दिनों में से एक रहेगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं बहुत खुश हूं कि उनके खिलाफ मेरा मुकाबला इतना अच्छा रहा।

मैंने जो भी शॉट खेले वे शानदार तरीके से काम आए। मैंने किसी भी समय हार नहीं मानी। मैं पूरी तरह सहज थी और अपने सभी शॉट खेल रही थी जो सफल रहे।

मेरा आक्रमण काफी अच्छा रहा जिससे मुझे फायदा मिला।’’ रक्षिता का अगला मुकाबला थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग से होगा। इस बीच शानदार फॉर्म में चल रहे लक्ष्य सेन ने भी जीत के साथ अगले दौर में जगह बनाई। बुधवार को चीन के हांगझोउ में होने वाले सत्र के अंतिम बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स के लिए क्वालीफाई करने वाले लक्ष्य ने डेनमार्क के रासमस गेम्के को 21-11, 21-18 से हराया।

पच्चीस वर्षीय लक्ष्य ने हाल में हाइलो ओपन और जापान में कुमामोतो मास्टर्स में लगातार खिताब जीते थे। उनका अगला मुकाबला आठवीं वरीयता प्राप्त और 2021 के विश्व चैंपियन लोह कीन यू से होगा। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारत की पुरुष युगल जोड़ी ने भी क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

पांचवीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने नूर मोहम्मद अजरिन अयूब और टैन वी कियोंग की मलेशिया की जोड़ी को 42 मिनट में 21-19, 21-16 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया। सात्विक और चिराग ने इस साल सिंगापुर और चीन में दो सुपर 750 खिताब जीते हैं। भारतीय जोड़ी अगले दौर में हू के युआन और लिन शियांग यी की चीन की जोड़ी से भिड़ेगी।

चीन की जोड़ी ने काकेरू कुमागाई और हिरोकी निशी की जापान की जोड़ी को 21-19, 21-17 से हराया। इससे पहले सात्विक और चिराग को शुरुआती दौर में ली झे हुई और यांग पो सुआन की चीनी ताइपे की जोड़ी को हराने के लिए तीन गेम तक संघर्ष करना पड़ा था। विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की भारतीय जोड़ी को प्री क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा।

लॉरेन लैम और एलिसन ली की अमेरिकी जोड़ी के खिलाफ 20-22, 13-21 से हारकर वे टूर्नामेंट से बाहर हो गए। भाषा चीन के हांगझोउ में होने वाले सत्र के अंतिम बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स के लिए क्वालीफाई कर चुके लक्ष्य सेन पुरुष एकल के प्री क्वार्टर फाइनल में डेनमार्क के रासमस गेम्के से भिड़ेंगे।

प्रमुख खबरें

Maharajganj में कूड़ेदान खरीद घोटाला: पूर्व ADM और SDM समेत 12 लोगों पर EOW ने दर्ज किया केस

गूंजे धरती-आसमान, पंडित-पासी-पासवान! चौखट-चौखट चिराग के जरिए UP में बिहार दोहराने पर आमादा, 403 सीटों पर तैयारी के समझें मायने

Pakistan की राह पर चल पड़ा Bangladesh, विरोधियों के निशाने पर पूर्व हुक्मरान, Muhammad Yunus के पैतृक घर को लगाई गई आग

Pushkar Singh Dhami ने Dehradun Zoo में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का किया उद्घाटन