By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 02, 2023
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले की दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार को जारी मतगणना के शुरुआती रूझान के अनुसार, कांग्रेस उम्मीदवार रवींद्र धंगेकर कसबा सीट पर अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अश्विनी जगताप ने चिंचवड़ सीट पर बढ़त हासिल कर ली है। निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक, कसबा सीट पर धंगेकर भाजपा उम्मीदवार हेमंत रासने पर बढ़त बनाए हुए हैं और पहले दौर की गणना में उन्हें 5,844 मत मिले हैं, जबकि रासने को 2,863 वोट हासिल हुए हैं।
चुनाव में भाजपा और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) तथा शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) के महा विकास आघाड़ी (एमवीए) गठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला है। कसबा निर्वाचन क्षेत्र पुणे शहर के पुराने इलाके में स्थित है और एमवीए कांग्रेस उम्मीदवार रवींद्र धंगेकर का समर्थन कर रहा है। पुणे के पास औद्योगिक शहर चिंचवड़ में मुकाबला भाजपा के अश्विनी जगताप, राकांपा के नाना काटे और निर्दलीय राहुल कलाटे के बीच माना जा रहा है।