FAA प्रमुख बोले- US में रविवार रात तक सामान्य होंगी फ्लाइट्स, तकनीकी खराबी से 6000 उड़ानें हुईं रद्द

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 15, 2026

अमेरिका में हवाई यातायात ठप होने के बाद शनिवार को विमानन कंपनियों ने हजारों उड़ानें रद्द कर दीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और दुनियाभर में हवाई यात्रा प्रभावित हुई। हालांकि, अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) के प्रमुख ब्रायन बेडफोर्ड ने उम्मीद जतायी कि रविवार रात तक देश में हवाई सेवाएं सामान्य हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि संकट का सबसे मुश्किल दौर बीत चुका है।

पिछले 25 वर्ष में यह अमेरिका में हवाई यातायात पर लगाई गई सबसे लंबी रोक थी। अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि यह समस्या उस समय शुरू हुई, जब ठेकेदार कंपनी ‘एल3हैरिस टेक्नोलॉजीज इंक’ हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली में इस्तेमाल होने वाले पुराने तांबे के तारों के एक हिस्से को नए फाइबर ऑप्टिक तारों से बदल रही थी। इस प्रक्रिया के दौरान किसी तरह प्रणाली पर अत्यधिक दबाव पड़ गया जिसे वह संभाल नहीं सकी।

इस काम के कारण संचार व्यवस्था और रडार प्रणाली में रुक-रुककर बाधाएं आने लगीं। इसके बाद सरकार को चार घंटे से अधिक समय तक हवाई यातायात पूरी तरह रोकना पड़ा। डफी ने कहा कि अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि इसके पीछे ठेकेदार की लापरवाही थी या खराब राउटर इसकी वजह बना।

वहीं, एल3हैरिस ने एक बयान में कहा कि वह इस बात का पता लगाने के लिए एफएए की जांच में सहयोग कर रही है कि उड़ान पर देशव्यापी रोक की वजह क्या थी। कंपनी ने कहा कि वह यात्रियों, विमानन कंपनियों और हवाई यातायात संचालन पर पड़े इस प्रभाव को गंभीरता से लेती है। अमेरिका में इससे पहले जनवरी 2023 में उड़ान पर इस प्रकार की देशव्यापी रोक लगाई गई थी।

उस समय पायलटों को जरूरी सूचनाएं भेजने वाली एफएए की एक प्रमुख कंप्यूटर प्रणाली में खराबी आ गई थी। 11 सितंबर, 2001 के आतंकी हमलों के बाद यह दूसरी बार था, जब पूरे देश में हवाई यातायात रोकना पड़ा। विमानन सलाहकार एंड्रयू चार्लटन ने कहा कि शुक्रवार को लगी इस रोक से अमेरिका में प्रतिदिन संचालित होने वाली करीब 45 हजार उड़ानों में से लगभग एक चौथाई प्रभावित हुईं।

अमेरिका के विभिन्न हवाई अड्डों पर शनिवार को यात्री अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्ते तलाशते रहे। कुछ लोगों ने होटलों में रुककर स्थिति सामान्य होने का इंतजार किया, जबकि अन्य ने किराये की कार लेने और बस या ट्रेन के टिकट हासिल करने के लिए भागदौड़ की। कई यात्रियों को हवाई अड्डों पर ही रात गुजारनी पड़ी।

इस सप्ताहांत होने वाले मुकाबलों के लिए यात्रा कर रही खेल टीमों को भी अपने कार्यक्रमों में बदलाव करना पड़ा। मिसिसिप्पी की फुटबॉल टीम का ओक्लाहोमा में होने वाला मुकाबला रविवार तक के लिए टाल दिया गया। देशभर में सभी उड़ानों पर रोक लगाए जाने से पेशेवर और कॉलेज स्तर की खेल टीमों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हुई थीं।

हालांकि, शनिवार को कई बड़े खेल आयोजनों का कार्यक्रम धीरे-धीरे सामान्य होने लगा। शनिवार को खेलने वाली ज्यादातर कॉलेज फुटबॉल टीमें मैच से एक दिन पहले ही संबंधित शहर पहुंच जाती हैं। ऐसे में कई मुकाबलों को घंटों के लिए टालना पड़ा, ताकि बाहर से आने वाली टीमों को पहुंचने और तैयारी करने के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइटअवेयर’ के अनुसार, शनिवार को अमेरिका में 6,000 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं।

प्रमुख खबरें

Donald Trump के Golf Course प्रोजेक्ट पर US Court ने लगाई अंतरिम रोक

SpaceX के Starship ने रचा इतिहास, लॉन्च टॉवर ने पहली बार हवा में पकड़ा

Illinois के पियोरिया में BioUrja संयंत्र से बम बरामद, जांच के बाद इलाके से हटी निकासी

Canada सैन्य अभ्यास के दौरान लगी आग में एक और जवान की मौत, मृतकों की संख्या 5 हुई