Maharashtra Drought: 310 तालुकाओं में चारे और जल प्रबंधन पर जोर, Sunetra Pawar ने दी जानकारी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने कहा कि राज्य सरकार सूखे की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और प्रभावित तालुकाओं में पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता, जल प्रबंधन और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर पैदा करने को प्राथमिकता दे रही है। पवार ने रविवार को पुणे के बालेवाडी इलाके में शिव छत्रपति खेल परिसर के दौरे के समय संवाददाताओं से कहा कि सरकार ने किसानों की मदद के लिए जल प्रबंधन की व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि किसानों को बड़े पैमाने पर चारे की फसल उगाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है और उन्हें बीज भी उपलब्ध कराए गए हैं।

पवार ने कहा कि नहरों और बांधों के आसपास रहने वाले किसानों से भी चारे की खेती करने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार उनसे चारा खरीदेगी, जिससे किसानों को अतिरिक्त आय होगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने रोजगार गारंटी योजना के तहत गर्मियों में कई कार्य कराने का भी प्रस्ताव रखा है ताकि अधिक लोगों को रोजगार मिल सके और उनकी आजीविका चलाने में मदद मिल सके।

महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के 358 तालुका में से 310 को सूखाग्रस्त घोषित किया है। जब पवार से पूछा गया कि किसानों को पांच-पांच हजार रुपये की अग्रिम राहत देने की राज्य सरकार की घोषणा के बाद केंद्र से सहायता कब तक मिलने की उम्मीद है तो उन्होंने कोई समयसीमा नहीं बताई। हालांकि, उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सूखे की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

खेल परिसर के दौरे में पवार ने वहां विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया और कहा कि परिसर में मरम्मत तथा विकास के कई कार्य जारी हैं।

प्रमुख खबरें

Thiruparankundram Hill पर दीपक जलाने का मामला: सुप्रीम कोर्ट के आदेश को विजय सरकार ने दी चुनौती, बीजेपी ने लगाया वोट-बैंक राजनीति का आरोप

पहले टेस्ट के अंतिम दिन New Zealand ने दूसरी पारी में बनाए 206 रन, मैच ड्रॉ की ओर

अल नीनो का प्रबल प्रभाव: हिंदुकुश हिमालय में सर्दियों के दौरान बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन का बढ़ता खतरा

Indonesia की कैंडी फैक्टरी में लगी भीषण आग, मलबे से 24 बैग में मिले मानव अवशेष