महाराष्ट्र सरकार ने सभी विद्यालयों को पूर्व छात्र संघ बनाने का निर्देश दिया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 03, 2025

महाराष्ट्र सरकार ने एक शासनादेश (जीआर) जारी कर सभी विद्यालयों को पूर्व छात्र संघ (अलुमनाई एसोसिएशन) बनाने का निर्देश दिया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

शाासनादेश में कहा गया है, ‘‘पहली से 12वीं कक्षाओं तक के हर विद्यालय में एक पूर्व छात्र संघ होगा, जिसमें पूर्व विद्यार्थियों के साथ-साथ सलाहकार सदस्य जैसे प्रधानाचार्य, एक शिक्षक, एक अभिभावक प्रतिनिधि और शिक्षा विभाग के अधिकारी होंगे। पूर्व छात्र संघों से अपेक्षा की जाएगी कि वे अपने-अपने विद्यालयों के शैक्षणिक, बुनियादी ढांचे, सांस्कृतिक और सामाजिक विकास में योगदान दें।’’

शासनादेश के अनुसार, पूर्व छात्र संघों की प्रमुख जिम्मेदारियों में पुस्तकालयों, प्रयोगशालाओं, स्वच्छता सुविधाओं और डिजिटल संसाधनों जैसे बुनियादी ढांचे के उन्नयन में सहायता करना, विशेषज्ञों के व्याख्यान, प्रतिस्पर्धा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मार्गदर्शन सत्रों का आयोजन करना और खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और डिजिटल साक्षरता में पहल का समर्थन करना शामिल होगा।

शासनादेश के मुताबिक, प्रत्येक पूर्व छात्र संघ को सालाना कम से कम दो बैठकें करनी होंगी, जो ऑनलाइन या ऑफलाइन आयोजित की जा सकती हैं। इसमें कहा गया है कि पूर्व छात्रों के पुनर्मिलन समारोह हर साल आयोजित किए जाने चाहिए। साथ ही शासनादेश में कहा गया है कि यह स्कूल के कार्यक्रमों या त्योहारों के आसपास हो सकता है, जिसकी कम से कम 15 दिन पहले सूचना देना जरूरी होगी।

शासनादेश में विद्यालयों को सलाह दी गयी है कि पारदर्शिता की खातिर वे पूर्व विद्यार्थी से नकद पैसे नहीं लेंगे और उन्हें पूर्व विद्यार्थी के मौद्रिक अनुदानों का लेखा-जोखा रखना होगा।

प्रमुख खबरें

ICC T20 World Cup: Shafali Verma का बड़ा बयान, ऑस्ट्रेलिया को हराने का भरोसा, Semifinal पर नजर

Rajnath Singh का बयान अफवाहों का था जवाब, Operation Sindoor पर भ्रम फैलाने वालों को MoD ने दिया करारा जवाब

China के 109 मंजिला बुर्ज खलीफा से टकराया विमान, उड़ गए परखच्चे, Video

TET पेपर लीक पर सियासी घमासान, राहुल गांधी बोले- हर युवा असुरक्षित, ये भविष्य की चोरी है