राज्यपाल को विमान की अनुमति नहीं देने के मामले में नियमों का किया गया पालन: संजय राउत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 11, 2021

मुंबई। शिवसेना नेता संजय राउत ने बृहस्पतिवार को कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की उत्तराखंड यात्रा के लिए सरकारी विमान का उपयोग करने की अनुमति नहीं दिए जाने के मामले में सभी तय नियमों का पालन किया। राज्यपाल का अपमान किए जाने के भाजपा के आरोप को खारिज करते हुए राउत ने दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि इस घटना में किसी तरह की राजनीति शामिल नहीं है। उन्होंने कहा,‘‘हम राज्यपाल का सम्मान करते हैं। सरकार ने संविधान का पालन किया, जैसा कि मुझे मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ हुई बातचीत में पता चला।’’ 

इसे भी पढ़ें: राज्यपाल कोश्यारी को सरकारी विमान के इस्तेमाल की नहीं मिली अनुमति, महाराष्ट्र सरकार के साथ मनमुटाव बढ़ा 

राउत ने कहा,‘‘ यदि राज्यपाल निजी कार्य के लिए सरकारी विमान का उपयोग करना चाहते हैं तो उसके लिए कुछ नियम तय हैं और क्या सरकार ने उन नियमों का उल्लंघन किया?’’ शिवसेना सांसद ने कहा कि इस मामले में राज्य सरकार ने गृह मंत्रालय द्वारा तय नियमों का पालन किया। इस दौरान, राउत ने विधान परिषद में राज्यपाल के कोटे से उन 12 नामों के मनोनयन में देरी करने को लेकर कोश्यारी की आलोचना भी की, जिनकी सिफारिश मंत्रिमंडल ने की थी। 

इसे भी पढ़ें: राज्यपाल को विमान की अनुमति नहीं दिए जाने पर उद्धव सरकार पर बरसे फडणवीस 

उल्लेखनीय है कि राज्यपाल कोश्यारी बृहस्पतिवार को एक सरकारी विमान से उत्तराखंड के देहरादून जाने वाले थे, लेकिन उड़ान के लिए अनुमति नहीं दी गई, जबकि राज्यपाल विमान में चढ़ चुके थे। सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्यपाल बाद में देहरादून की यात्रा के लिए एक वाणिज्यिक उड़ान से रवाना हुए। भाजपा नेता देवेंद्र फड़णवीस ने इसके लिए राज्य सरकार की आलोचना की। उन्होंने शिवसेना नीत गठबंधन सरकार पर राज्यपाल के संवैधानिक पद का अपमान करने का आरोप भी लगाया।

प्रमुख खबरें

CJI Surya Kant की Bench का सख्त रुख, Public Safety की PIL पर कहा- हम सरकार नहीं, देश नहीं चला सकते

Middle East संकट और US Dollar की मजबूती का असर, Gold Rate में लगातार गिरावट जारी

Donald Trump की चेतावनी बेअसर! World Cup खेलने पर अड़ी ईरान की टीम, दिया कड़ा संदेश

IPL 2026 से पहले KKR को तगड़ा झटका, स्टार गेंदबाज़ Harshit Rana पूरे टूर्नामेंट से हुए बाहर