बाढ़ प्रभावित किसानों को दिवाली से पहले राहत राशि देना चाहती है महाराष्ट्र सरकार: एकनाथ शिंदे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 27, 2025

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए धनराशि वितरित कर रही है और वह यह सुनिश्चित करना चाहती है कि दिवाली से पहले राहत राशि सभी किसानों तक पहुंच जाए।

महाराष्ट्र में 20 सितंबर से जारी भारी बारिश और उसके कारण उफनाई नदियों के चलते राज्य के कई हिस्सों, खासकर मराठवाड़ा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है।

सरकार के मुताबिक, वर्षा जनित हादसों में कम से कम नौ लोगों की जान गई है, जबकि बाढ़ के कारण 30,000 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में लगी फसलें बर्बाद हो गई हैं। पुणे में संवाददाताओं से बातचीत में शिंदे ने कहा, “हमने खेतों का दौरा किया है और स्थिति का जायजा लिया है। हमारी सरकार किसानों के साथ दृढ़ता से खड़ी है। हमने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और उन्हें मदद के लिए एक पत्र सौंपा है। जब भी कोई संकट आया है, केंद्र ने हमेशा सहयोग दिया है।”

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें महाराष्ट्र में भारी बारिश से उपजी स्थिति से अवगत कराया है। शिंदे ने कहा, “मकानों के पुनर्निर्माण और मवेशियों, फसलों एवं जानमाल के नुकसान के लिए धनराशि दी जा रही है। सरकार का मानना ​​है कि दिवाली से पहले किसानों के हाथों में पैसा पहुंच जाना चाहिए।”

विपक्षी दलों के राज्य सरकार की ओर से दी जा रही सहायता को बहुत कम बताए जाने पर शिंदे ने कहा कि ऐसे आलोचकों को राजनीति करने के बजाय “लोगों के आंसू पोंछने और उनकी स्थिति देखने के लिए खेतों में जाना चाहिए।

प्रमुख खबरें

श्रीलंका के वर्ल्ड चैम्पियन कप्तान अर्जुन रणतुंगा की बढ़ीं मुश्किलें, गिरफ्तार करने की हो रही तैयारी, जानें पूरा मामला

ऑपरेशन सिंदूर में हार गया था भारत... कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण का विवादित बयान, माफी मांगने से भी किया इनकार, BJP ने दिया तीखा जवाब

पार्टनर से भरण-पोषण का हक नहीं, लिव इन रिलेशनशिप पर इलाहाबाद हाईकोर्ट का बहुत बड़ा आदेश!

PM मोदी को मिला इथियोपिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, अब तक 28 देशों ने नवाजा