By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 14, 2023
महाराष्ट्र के मंत्री छगन भुजबल को शुक्रवार को एक व्हाट्सऐप संदेश के जरिए कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह धमकी तब मिली जब वह नासिक में अपने घर पर थे। मराठी में भेजे गए संदेश में भुजबल को “ठीक से व्यवहार करने” की सलाह के साथ चेतावनी दी गई कि ऐसा नहीं करने पर “हिसाब बराबर हो जाएगा”।
इसमें यह भी कहा गया कि वह “अधिक दिनों तक जीवित नहीं रहेंगे”। राष्ट्रवादी युवा कांग्रेस के पदाधिकारी अंबादास खैरे ने अंबाद पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। एक अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार संदेश संभवत: परभणी से भेजा गया है।