By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 13, 2021
मुंबई। एक महिला ने महाराष्ट्र के सामाजिक न्याय मंत्री धनंजय मुंडे पर बलात्कार का आरोप लगाया है, साथ ही उसने कहा कि मुंबई पुलिस ने उसकी शिकायत नजरअंदाज की। राकांपा नेता मुंडे ने इन आरोपों को खारिज किया है और कहा कि शिकायतकर्ता और उसकी बहन उन्हें ब्लैकमेल कर रही हैं। मुंडे ने कहा कि शिकायतकर्ता की बहन के साथ उनका रिश्ता था और वह उसके दो बच्चों के पिता हैं। महिला (37) ने कहा कि उसने 10 जनवरी को मुंबई पुलिस आयुक्त को एक पत्र लिख कर बताया था कि मुंडे ने 2006 में कई बार उसके साथ बलात्कार किया।
मुंडे ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि उनकी पत्नी, परिवार और मित्रों को इस संबंध की जानकारी है और उसके परिवार ने दोनों बच्चों को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा कि उनका जिस महिला से संबंध था, वह 2019 से उन्हें ब्लैकमेल कर रही है और उन्होंने पुलिस में एक शिकायत भी दर्ज कराई थी और अपने खिलाफ अपमानजनक सामग्री बांटने पर रोक लगाने के लिए बंबई उच्च न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया था।