By अंकित सिंह | Sep 23, 2024
सियासी तनातनी और इस साल महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अजित पवार को लेकर शरद पवार ने एक ऐसा बयान दिया है जिससे आने वाले दिनों में राजनीति की एक और संभावना दिखाई दे सकती है। फिलहाल शरद पवार से बगावत करके अजित पवार एनडीए के साथ महाराष्ट्र में सरकार में है। शरद पवार की भी पार्टी पर उन्होंने कब्जा कर लिया है। शरद पवार ने साफ तौर पर कहा है कि एक परिवार के रूप में अजित पवार और मैं साथ-साथ है। हालांकि, शरद पवार के इस बयान को सियासत से भी जोड़ने की कोशिश होगी। हाल के दिनों में अजित पवार ने भी कहा था कि बहन शुक्रिया सुले के खिलाफ अपनी पत्नी को चुनावी मैदान में उतरना उनकी भूल थी।
विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) के मुख्यमंत्री पद के चेहरे से जुड़े सवाल पर शरद पवार ने कहा, मुझे नहीं लगता कि फिलहाल यह कोई जरूरी मुद्दा है। एमवीए में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरद चंद्र पवार (राकांपा-एसपी), कांग्रेस और शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (शिवसेना-यूबीटी) शामिल हैं। राकांपा (एसपी) प्रमुख ने कहा कि आपातकाल के बाद जब चुनाव हुए तो मतदान से पहले प्रधानमंत्री पद के दावेदार के रूप में मोरारजी देसाई के नाम का खुलासा नहीं किया गया था। उन्होंने कहा, हमारा (एमवीए का) प्रयास समाजवादी पार्टी (सपा) और पीजेंट्स एंड वर्कर्स पार्टी जैसी अन्य पार्टियों की मदद से महाराष्ट्र में एक प्रगतिशील सरकार का विकल्प देना है।