महिंद्रा समूह की कर्नाटक में 40,000 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना : आनंद महिंद्रा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 12, 2025

 महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने मंगलवार को कहा कि समूह अगले कुछ वर्षों में कर्नाटक में करीब 40,000 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना बना रहा है। इन्वेस्ट कर्नाटक-2025 शिखर सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में उन्होंने कहा कि महिंद्रा समूह को कर्नाटक में नवीकरणीय ऊर्जा, एयरोस्पेस, आतिथ्य और रियल एस्टेट जैसे दीर्घकालिक व्यवसायों में निवेश करने के लिए तैयार है।

आनंद महिंद्रा ने कहा, ‘‘मुझे आज यहां यह बताते हुए अत्यंत खुशी हो रही है कि महिंद्रा समूह आगामी वर्षों में कर्नाटक में लगभग 40,000 करोड़ रुपये के निवेश की योजना बना रहा है।’’

उन्होंने कहा कि कर्नाटक समूह के नवीकरणीय ऊर्जा खंड में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। महिंद्रा सस्टेन अगले पांच वर्षों में 35,000 करोड़ रुपये का निवेश करना चाहती है। इस निवेश से पांच गीगावट से ज्यादा सौर और हाइब्रिड परियोजनाओं का विकास किया जाएगा, जिसके परिणामस्वरूप 6,000 से 8,000 नए रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे।

आनंद महिंद्रा ने कहा, हम अतिरिक्त 1,000 करोड़ रुपये का निवेश करना चाहते हैं और सरकारी अधिकारियों के साथ इसपर चर्चा कर रहे हैं। मैं उनके सहयोग की आशा करता हूं, खासकर भूमि एकत्रीकरण के संबंध में।

उन्होंने यह भी कहा कि महिन्द्रा डिफेंस सर्विसेज और महिन्द्रा एयरोस्पेस राज्य में रणनीतिक विस्तार के अवसर तलाश रही हैं, जिसके लिए कई सौ करोड़ रुपये के निवेश की योजना बनाई गई है।

प्रमुख खबरें

यूक्रेनी अभिनेता Armen Atayan को Mumbai Sessions Court से मिली जमानत

भारत के Renewable Energy क्षेत्र में 2030 तक 220 अरब डॉलर निवेश की उम्मीद, प्रल्हाद जोशी ने दी जानकारी

ब्राजील के U20 Football मैच में हिंसक झड़प, Referee ने दिखाए 51 Red Card

Kalpataru Projects का दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 23 प्रतिशत बढ़ा, 292 करोड़ रुपये रहा