By अभिनय आकाश | Oct 29, 2026
चुनावों में विदेशी दखल के आरोपों के बाद चल रही जांच के बीच, कतर ने इज़राइल के चुनावों में दखल देने के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। कतर ने "कुछ इज़राइली राजनेताओं" पर आरोप लगाया है कि वे अपने घरेलू राजनीतिक हितों को साधने और अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए कतर के नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं। एक्स पर जारी एक आधिकारिक बयान में कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजेद अल-अंसारी ने चुनावों को प्रभावित करने के लिए फंडिंग करने के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने चेतावनी दी कि इज़राइल की आंतरिक राजनीति में घसीटे जाने पर दोहा चुप नहीं बैठेगा। अल-अंसारी ने कहा कि हम इन आरोपों को पूरी तरह से खारिज करते हैं कि कतर ने इज़राइल के चुनावों में कोई दखल दिया है या चुनाव नतीजों को प्रभावित करने के लिए किसी गतिविधि को फंड किया है। उन्होंने आगे कहा कि हम कुछ इज़राइली राजनेताओं और मीडिया में उनके संपर्कों द्वारा लगाए गए उन आरोपों को नकारते हैं, जिन्होंने इस हफ्ते हुए चुनावों के बाद कतर को इज़राइल के राजनीतिक विवादों में घसीटने के लिए एक और दुष्प्रचार अभियान शुरू किया है। अल-अंसारी ने इस बात पर भी तंज कसा कि कैसे इज़राइल के पूरे राजनीतिक दायरे में कतर को बार-बार निशाना बनाया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि वे आरोप लगाते हैं कि कतर ने बेंजामिन नेतन्याहू, इज़राइली वामपंथी राजनीति और अब इस नए अभियान में अरब वोटों को खरीद लिया है। अगर इन दावों पर यकीन कर लिया जाए, तो ऐसा लगेगा जैसे पूरा इज़राइल ही कतर का है।
अल अंसारी ने भविष्य के किसी भी इजरायली प्रशासन को लेकर दोहा का रुख स्पष्ट किया और कहा कि उसे अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करना चाहिए तथा फिलिस्तीनियों के अधिकारों का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन चुनावों से बनने वाली किसी भी सरकार को अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र के संबंधित प्रस्तावों का पालन करना चाहिए, फिलिस्तीनी मुद्दे पर गंभीरता और ईमानदारी से काम करना चाहिए, और फिलिस्तीनी लोगों के उन अधिकारों का सम्मान करना चाहिए जिन्हें छीना नहीं जा सकता।