By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 12, 2026
मलंकरा ऑर्थोडॉक्स चर्च के मेट्रोपॉलिटन युहानोन मार डायस्कोरोस ने बृहस्पतिवार को एंटीओक के पैट्रिआर्क मोरन मोर इग्नाटियस अफ्रेम द्वितीय द्वारा की गई सुलह की अपील का स्वागत किया, लेकिन कहा कि इसे महज एक बयान तक सीमित न रखकर ठोस कार्रवाई में बदला जाना चाहिए। लेबनान स्थित ‘यूनिवर्सल सीरियाक ऑर्थोडॉक्स चर्च’ के सर्वोच्च प्रमुख इग्नाटियस अफ्रेम द्वितीय इन दिनों केरलम के दौरे पर हैं। भारत में जैकोबाइट सीरियन क्रिश्चियन चर्च इस वैश्विक चर्च का एक अभिन्न हिस्सा है।
मलंकरा ऑर्थोडॉक्स चर्च और जैकोबाइट सीरियाई क्रिश्चियन चर्च के बीच कई गिरजाघरों के स्वामित्व और प्रशासन को लेकर लंबे समय से विवाद है, जिसके कारण दोनों पक्षों में झड़पें और कानूनी लड़ाइयां भी हुई हैं। डायस्कोरोस ने संवाददाताओं से कहा कि सुलह की अपील के साथ-साथ इस दिशा में एक उचित रास्ता तैयार करने के लिए ठोस कदम और प्रयास भी किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘सुलह की अपील ऐसी नहीं होनी चाहिए कि जिस पर केवल बात की जाए और फिर उसे भुला दिया जाए।
इसे हासिल करने के लिए एक सही रास्ता निकालने के प्रयास होने चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि मलंकरा चर्च एकता की ऐसी किसी भी सच्ची पहल को पूरा सहयोग देगा, जो अदालती फैसलों और चर्च को संचालित करने वाले कानूनों का सम्मान करती हो। कोट्टायम के मनारकाड स्थित सेंट मैरी चर्च में अफ्रेम द्वितीय के प्रस्तावित दौरे के बारे में डायस्कोरोस ने कहा कि यह चर्च मलंकरा ऑर्थोडॉक्स चर्च का है और वहां आने वाले आगंतुकों को लागू नियमों का पालन करना होगा। उन्होंने कहा, ‘‘मनारकाड चर्च मलंकरा चर्च का है।
यदि वह इस चर्च में आना चाहते हैं, तो कुछ नियम हैं जिनका पालन करना होगा। केवल मनारकाड चर्च ही नहीं, बल्कि कोई भी व्यक्ति किसी भी चर्च में जा सकता है, बशर्ते वह नियमों का पालन करे। मैं यह बात पूरी सद्भावना के साथ कह रहा हूं।’’ उन्होंने पैट्रिआर्क को देवलोकम स्थित मलंकरा ऑर्थोडॉक्स चर्च मुख्यालय आने का निमंत्रण भी दिया।
अफ्रेम द्वितीय का यह दौरा ऐतिहासिक मुलनथुरुथी सिनॉड की 150वीं वर्षगांठ समारोह का हिस्सा है, जिसे केरलम में सीरियाई ईसाई गिरजाघरों के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जाता है। वह 16 नवंबर तक केरलम में रहेंगे और चर्च के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।