शपथ लेते ही एक्शन में ममता बनर्जी, कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का तबादला किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 06, 2021

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में पदभार ग्रहण करने के कुछ ही घंटों बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए 29 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का तबादला किया। इनमें से अधिकतर का चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग ने तबादला कर दिया था। शाम को जारी आदेश के तहत जिन शीर्ष स्तर के अधिकारियों की पुराने पदों पर बहाली की गई है, उनमें पुलिस महानिदेशक वीरेंद्र, अतिरिक्त महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) जावेद शमीम और महानिदेशक सुरक्षा विवेक सहाय शामिल हैं। बुधवार शाम को जारी एक आदेश में यह जानकारी दी गई है।

इसे भी पढ़ें: झारखंड : लॉकडाउन में मास्क नहीं लगाने वाले 31 हजार लोगों से वसूला गया 25 लाख रुपये जुर्माना

राज्य सरकार ने कूच बिहार जिले के पुलिस अधीक्षक देबाशीष धर को निलंबित कर दिया है, जहां सीतलकूची सीट पर 10 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान सीआईएसएफ की कथित गोलीबारी में चार लोग मारे गए थे। बनर्जी ने इस घटना को लेकर पहले ही सीआईडी जांच के आदेश दिए हैं। धर के स्थान पर के कन्नन को पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जिन्हें चुनाव के दौरान पदस्थापना के इंतजार में रखा गया था। निर्वाचन आयोग ने डीजीपी वीरेंद्र का तबादला कर उनके स्थान पर नीरज नयन पांडे को नया डीजीपी नियुक्त किया था। पांडे को महानिदेशक (दमकल सेवा) नियुक्त किया गया है।

इसे भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर संघ की खिलाड़ियों को सलाह, कोविड-19 काल में जांच-परख कर करें विदेशी टी20 लीग से करार

इसी तरह, अतिरिक्त महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) जगमोहन का तबादला कर उन्हें सिविल डिफेंस में भेजा गया है जबकि उनके स्थान पर एक बार फिर यह पद जावेद शमीम को सौंपा गया है। वहीं मेदिनीपुर के पुरबा में एक रैली के दौरान ममता बनर्जी के घायल होने के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था में कथित चूक को लेकर आयोग ने सहाय को डीजी सुरक्षा के पद से हटा दिया था। अलग से जारी एक आदेश में उन्हें उनके पहले के पद पर फिर तैनात किया गया है।

प्रमुख खबरें

नाइजीरिया में अमेरिका का कड़ा प्रहार: ISIS पर एयरस्ट्राइक, ईसाइयों की सुरक्षा पर उठते सवाल

सालों का टूटा रिकॉर्ड! सोना-चांदी ऐतिहासिक ऊंचाई पर, वैश्विक तनाव बना मुख्य वजह

2026 में IPO की बहार: 190+ कंपनियाँ उतरेंगी शेयर बाजार में, ₹2.5 लाख करोड़ का महासंगम

Bangladesh में सांप्रदायिक हिंसा भड़की, दो हिंदुओं की भीड़ ने ली जान, भारत में रोष