नंदीग्राम में ममता बनर्जी को लगी चोट किसी षड्यंत्र का हिस्सा नहीं! केवल दुर्घटना

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 14, 2021

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को नंदीग्राम की जिस घटना में चोट लगी थी, वह एक दुर्घटना थी और यह कोई सुनियोजित हमला नहीं था। दो चुनाव पर्यवेक्षकों ने शनिवार को चुनाव आयोग को इस बारे में एक रिपोर्ट सौंपी, जिसमें यह कहा गया है। मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के एक सूत्र ने बताया कि विशेष पर्यवेक्षक अजय नायक और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए विशेष पुलिस पर्यवेक्षक विवेक दूबे ने यह रिपोर्ट तैयार की है। इसमें बताया गया है कि 10 मार्च को बनर्जी द्वारा नामांकन दाखिल करने के बाद पूर्वी मिदनापुर जिले में नंदीग्राम के बिरुलिया बाजार में यह घटना ‘‘अचानक’’ हुई थी, हालांकि इसकी साजिश होने की बात कही जा रही थी।

इसे भी पढ़ें: देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विज्ञान और प्रौद्यौगिकी के क्षेत्र में नवाचार को बढावा देना होगा- डॉ. हर्षवर्धन

नंदीग्राम की घटना के बाद, राज्य एडीजी (कानून और व्यवस्था) और नोडल अधिकारी जगमोहन ने शनिवार को सभी जिला प्रशासनों को निर्देश दिया कि वे 27 मार्च से होने जा रहे आठ चरणों के मतदान के लिए जिलों में चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री के लिए सबसे सख्त सुरक्षा उपायों की व्यवस्था करें। जगमोहन के हवाले से सीईओ के सूत्र ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री के लिए सुरक्षा उपाय कड़े होने चाहिए। अन्य स्टार प्रचारकों के लिए सुरक्षा भी कड़ी होनी चाहिए। नंदीग्राम की घटना के बाद हम कोई जोखिम नहीं ले सकते।’’ सीईओ कार्यालय के एक अन्य अधिकारी के अनुसार दोनों पर्यवेक्षक 18 मार्च से दक्षिण 24 परगना, हावड़ा और हुगली जिलों का दौरा कर सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘दोनों पर्यवेक्षक जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलेंगे और मतदान की तैयारियों का पर्यवेक्षण करेंगे।’’ इस बीच, राज्य के मुख्य सचिव अलपन बंद्योपाध्याय ने चुनाव आयोग द्वारा एक विस्तृत रिपोर्ट मांगे जाने के जवाब में कहा कि नंदीग्राम में हुई घटना का कारण उस जगह से एकत्र किए गए ‘‘वीडियो से स्पष्ट नहीं’’ है। शनिवार शाम को एक दूसरी रिपोर्ट प्रस्तुत की गई क्योंकि आयोग ने राज्य प्रशासन द्वारा शुक्रवार को प्रस्तुत रिपोर्ट को अस्पष्ट बताया था और राज्य प्रशासन को एक विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने के लिए कहा था।

सीईओ कार्यालय में एक सूत्र ने बंदोपाध्याय की दूसरी रिपोर्ट के हवाले से कहा, ‘‘मुख्यमंत्री का वाहन भीड़भाड़ वाले क्षेत्र से गुजर रहा था। तभी उनकी कार के दरवाजे पर एक धक्का लगा था। लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि धक्का जानबूझकर दिया गया था या नहीं। इस संबंध में एकत्र किए गए वीडियो बहुत स्पष्ट नहीं हैं।’’ उन्होंने कहा कि जानकारी है कि मुख्य सचिव ने रिपोर्ट के साथ एक वीडियो भी संलग्न की है। चुनाव आयोग ने इस घटना पर राज्य सरकार के साथ ही दो पर्यवेक्षकों से भी रिपोर्ट मांगी थी। राज्य प्रशासन ने शुक्रवार को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए आठ चरणों में चुनाव 27 मार्च से 29 अप्रैल के बीच होंगे। मतों की गिनती 2 मई को होगी।

प्रमुख खबरें

Pedicure at Home: घर पर पार्लर जैसा Pedicure करें, पैरों की खूबसूरती से सबको चौंका दें

Dhurandhar 2 का Box Office पर ऐसा क्रेज, टिकट के लिए तरसे Sunil Gavaskar, एक्टर से मांगी मदद

RCB का बड़ा एक्शन: Chinnaswamy Stadium की सुरक्षा पर 7 करोड़ खर्च, AI से होगी निगरानी

West Asia संकट के बीच सरकार का बड़ा ऐलान, Petrol-Diesel का पूरा स्टॉक, घबराने की जरूरत नहीं