ममता, मोदी, मुस्लिम और महिला- पश्चिम बंगाल में 'करो या मरो' का चुनाव

By संतोष कुमार पाठक | Apr 21, 2026

पश्चिम बंगाल में होने विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार जोर-शोर से जारी है। राज्य में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होना है। इस चुनाव के लिए राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस और केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी बीजेपी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। दोनों ही राजनीतिक दलों के लिए यह 'करो या मरो' वाला चुनाव बन गया है। 

इसे भी पढ़ें: बंगाल में आक्रामक हुआ चुनाव प्रचार, जारी हुआ भाजपा संकल्प पत्र

चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, पहले चरण के तहत राज्य की जिन 152 सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होना है। उन सीटों पर अब तक तीन करोड़ सात लाख 77 हजार 171 मतदाता मतदान के लिए पात्र हैं। इनमें एक करोड़ 84 लाख 99 हजार 496 पुरूष मतदाता है जबकि महिला मतदाताओं की संख्या एक करोड़ 75 लाख 77 हजार 210 है। दोनों चरणों को अगर मिलाकर देखा जाए तो महिला मतदाताओं की संख्या 3.33 करोड़ है जो कि पुरुष मतदाताओं के लगभग ही है। इसलिए बंगाल में किसकी सरकार बनेगी, यह महिला वोटरों के रूख पर ही ज्यादा निर्भर करेगा। 

यही वजह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक तरफ जहां बीजेपी महिला आरक्षण से जुड़े बिल के लोकसभा में पास नहीं होने का ठीकरा ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस पर फोड़ रही है, वहीं टीएमसी अपने महिला सांसदों की संख्या और महिला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का जिक्र करते हुए बीजेपी को ही महिला विरोधी साबित करने की कोशिश कर रही है।  इसके साथ ही महिलाओं के लिए बीजेपी ने अपने घोषणापत्र में सौगातों की बौछार कर दी है। जिसके जवाब में ममता ने पहले से ही चलाई जा रही लक्ष्मी भंडार योजना की राशि बढ़ाने का वायदा किया है। 

महिला वोटरों के साथ ही राज्य में मुस्लिम मतदाता भी ममता बनर्जी की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। राज्य की कुल 294 विधानसभा सीटों में से 125 सीटों पर मुस्लिम वोटर निर्णायक भूमिका में है और इसमें से ज्यादातर सीटों पर टीएमसी का ही कब्जा है। ममता की पार्टी का आरोप है कि एसआईआर के नाम पर मुस्लिम वोटरों के ही नाम काटे गए हैं। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम और हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी भी मुस्लिम वोटों में सेंध लगाने की कोशिश कर रही है।

महिला और मुस्लिम वोटरों के साथ ही ब्रांड मोदी और ममता भी राज्य के जनादेश को तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के नाम अपने संदेश के जरिए ममता बनर्जी को महिला विरोधी बताते हुए मोर्चा खोल दिया है, उससे साफ-साफ नजर आ रहा है कि इस देश के कई राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव की तर्ज पर ही बंगाल में भी बीजेपी 'ब्रांड मोदी' के नाम पर ही चुनाव लड़ रही है। जबकि टीएमसी पिछले 3 विधानसभा चुनावों की तरह ही इस बार भी 'ब्रांड ममता बनर्जी' पर ही निर्भर है। 

पश्चिम बंगाल के चुनावी परिदृश्य, घमासान और चुनावी बयानबाजी से यह साफ-साफ नज़र आ रहा है कि इस राज्य का विधानसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बनाम मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का चुनाव बन गया है। कांग्रेस पार्टी और लेफ्ट फ्रंट, दूर-दूर तक मुकाबले में कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। हालांकि , इस बात को भूलना नहीं चाहिए कि चुनावी राजनीति में जनता कभी-कभी अप्रत्याशित चमत्कार भी कर देती है। 

संतोष कुमार पाठक

लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक हैं

प्रमुख खबरें

लुधियाना में Vaishno Devi जा रही ट्रेन में Technical Glitch, यात्री सुरक्षित, टला बड़ा खतरा

Captaincy हटने के बाद Suryakumar Yadav ने दिखाई Game Spirit, Team India और Vaibhav Sooryavanshi को दिया आशीर्वाद

जब हमला हुआ खामनेई के साथ थे! वो आखिरी वक्त तक...अरागची ने अब बताई उस रात की पूरी कहानी

इजराइल ने UN में अचानक निकाल लिया ड्रोन, पूरी दुनिया में तहलका!