उत्तर-पूर्वी Delhi के Khajuri Khas में युवक की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश की आशंका

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में मंत्री कपिल मिश्रा के कैम्प कार्यालय के पास सोमवार को मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना शाम करीब साढ़े पांच बजे सोनिया विहार के जीरो पुश्ता स्थित कूड़ा खट्टा के पास हुई।

दो हमलावर मोटरसाइकिल से आए और स्कूटी पर पीछे बैठे व्यक्ति समीर (26) पर गोलीबारी कर फरार हो गए, जो दयालपुर के 33 फुटा रोड का रहने वाला था। हालांकि स्थानीय लोगों का दावा है कि करीब 20 गोलियां चलाई गई थीं। पुलिस के मुताबिक, स्कूटी चला रहा रिजवान गोलीबारी में घायल हुए समीर को गंभीर हालत में सिविल लाइन स्थित ट्रॉमा सेंटर ले गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय निवासी बृजेश शर्मा ने भी घटनास्थल पर करीब 20 गोलियां चलने का दावा किया। उन्होंने पत्रकारों से कहा, यह मुख्य सड़क है जहां दिल्ली सरकार के एक मंत्री का कार्यालय है।

यहां एक घटना हुई जिसमें करीब 20 गोलियां चलाई गईं और एक व्यक्ति को गोली लगी। उसे यहां से अस्पताल ले जाया गया और मुझे नहीं पता कि उसकी हालत कैसी है। लेकिन यह कानून-व्यवस्था में एक गंभीर चूक है।

इस इलाके में यह इस तरह की चौथी घटना है। हमें नहीं पता कि इसके पीछे क्या मकसद था या हमलावर कौन थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस की अपराध जांच टीम और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए।

पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। अधिकारी ने बताया कि संबंधित धाराओं के तहत खजूरी खास थाने में मामला दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई टीमें गठित की गई हैं और गोली चलाने वाले आरोपी की पहचान कर ली गई है।

आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, इस घटना का किसी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है और यह दो पुराने सहयोगियों के बीच व्यक्तिगत दुश्मनी का नतीजा है। मामले की जांच जारी है।

प्रमुख खबरें

Mukesh Kumar के 4 विकेट से चमका Bengal, T20 मैच में Chandigarh को 85 रन से रौंदा

पूर्व राष्ट्रपति Ram Nath Kovind पहुंचे वृंदावन, 18 नवंबर को करेंगे दिव्यांग कल्याण शिविर की शुरुआत

UEFA Nations League में England ने Spain को 3-2 से हराया, 10 खिलाड़ियों संग दर्ज की जीत

Rajiv Gandhi संग रोमांस को Sonia Gandhi ने बताया जादुई, साझा कीं यादें