ऑनलाइन लूडो खेलकर एक-दूसरे से जुड़ी भारतीय महिला क्रिकेटर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 13, 2020

नयी दिल्ली। स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने सोमवार को खुलासा किया कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी कोविड-19 महामारी के कारण लॉकडाउन के बीच आनलाइन लूडो खेलकर एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। कोरोना वायरस महामारी के कारण दुनिया भर में क्रिकेट गतिविधियों को या तो रद्द कर दिया गया है या फिर वे स्थगित कर दी गई हैं। बीसीसीआई ने सोमवार को मंधाना का वीडियो ट्वीट किया जिसमें वह बता रही हैं कि वह मैदान के बाहर समय कैसे बिता रही हैं। मंधाना ने कहा, ‘‘हम सभी दोस्त एक साथ आनलाइन लूडो खेलते हैं जिससे हम सभी आपस में जुड़े रहते हैं, टीम के सभी साथी।’’ अन्य खिलाड़ियों की तरह यह दिग्गज बल्लेबाज भी शारीरिक रूप से फिट रहने के लिए घर में ही ‘वर्कआउट’ कर रही है।

इसे भी पढ़ें: दिदियेर द्रोग्बा ने कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में अपने अस्पताल की सेवा देने की पेशकश की

मंधाना ने कहा, ‘‘फिट रहना महत्वपूर्ण है इसलिए मैं घर पर ही वर्कआउट कर रही हूं। मैं ट्रेनर के संपर्क में रहती हूं। वह हमें वे सभी वर्कआउट भेजते हैं जो फिट रहने के लिए हमें करने की जरूरत है।’’ तेइस साल की यह खिलाड़ी अपने परिवार के साथ समय बिताने का लुत्फ उठा रही है और इस दौरान खाना बनाने में हाथ आजमाने के अलावा वह घर के अन्य कामों में भी मदद कर रही हैं। इस सलामी बल्लेबाज ने कहा, ‘‘इसके अलावा जो मुझे पसंद आ रहा है वह परिवार के साथ समय बिताना है। हम एक साथ कार्ड खेलते हैं। मैं खाना बनाने में मां की मदद कर रही हूं। बर्तन साफ करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा बन गया है और इसके अलावा मुझे अपने भाई को परेशान करना भी पसंद है। समय बिताने के लिए यह मेरा पसंदीदा काम है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘तीसरी चीज जो मुझे पसंद है वह फिल्म देखना है। मैं फिल्मों की बड़ी प्रशंसक हूं। मैं सुनिश्चित करती हूं कि मैं हफ्ते में दो से तीन फिल्म देखूं, काफी अधिक नहीं क्योंकि मैं नहीं चाहती कि मैं इसकी आदी हो जाऊं। मैं अपने परिवार के साथ समय बिताना चाहती हूं।’’

इसे भी पढ़ें: नहीं रहे दिग्गज गोल्फर डग सेंडर्स, कनाडा ओपन सहित पेशेवर करियर में जीते 20 खिताब

दुनिया की चौथे नंबर की एकदिवसीय बल्लेबाज ने साथ ही कहा कि उन्हें घंटों सोते रहना सबसे अधिक पसंद है। उन्होंने कहा, ‘‘घर में जो चीज मुझे सबसे अधिक पसंद है वह सोना है। मैं सुनिश्चित करती हूं कि मैं कम से कम 10 घंटे सोती रहूं जिससे कि पूरे दिन खुश रहूं।’’ मंधाना ने साथ ही लोगों से अपील की कि वे सामाजिक दूरी का पालन करें और लाकडाउन के दौरान घर में रहें। उन्होंने कहा, ‘‘घर में रहें, सुरक्षित रहें और स्वयं को शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रखें।’’ कोरोना वायरस से दुनिया भर में एक लाख 80 हजार से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं और एक लाख 14 हजार से अधिक लोगों की मौत हुई है। कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए भारत में 25 मार्च से लाकडाउन घोषित किया गया है।

प्रमुख खबरें

AIMIM और आजाद समाज पार्टी ने बनाया मोर्चा, Chandrashekhar Azad होंगे CM उम्मीदवार

DU Executive Council ने विरोध के बीच पास की 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट, HEFA कर्ज पर उठे सवाल

PM Narendra Modi बोले आजादी के बाद पहली बार Agriculture Growth चार फीसदी पार पहुंची

अरुणाचल में Nyishi समुदाय ने वापस ली आर्थिक नाकेबंदी, सरकार ने दिया कार्रवाई का भरोसा