By अभिनय आकाश | Feb 18, 2022
मणिपुर में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह पूरे राज्य में एक दिन में पांच से छह जनसभाएं कर रहे हैं। 60 सदस्यीय मणिपुर विधानसभा के लिए मतदान दो चरणों में 27 फरवरी और तीन मार्च को होंगे। लेकिन ऐसी अटकलें भी लगाईं गईं कि अगर भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों में दूसरा कार्यकाल जीतती है तो मणिपुर में एक नए मुख्यमंत्री की घोषणा कर सकती है। हालांकि, पिछले एक हफ्ते में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संकेत दिया है कि मौजूदा मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह को एक और कार्यकाल मिल सकता है। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मणिपुर में विकास लाने का श्रेय बीरेन सिंह को दिया। एक चुनावी रैली में, नड्डा ने लोगों से भाजपा उम्मीदवारों को वोट देने के लिए कहा, "क्योंकि उनके माध्यम से एन बीरेन सिंह अन्य सभी विधायकों के साथ मणिपुर को विकास की ओर ले जाएंगे।
बीजेपी नेताओं के अनुकूल बयानों के बावजूद बीरेन सिंह अपने बयानों में काफी संयम रख रहे हैं। एक मीडिया चैनल के साथ बातचीत में बीरेन सिंह ने कहा था कि"सिर्फ एक साधारण कार्यकर्ता (कार्यकर्ता) था। मैं कड़ी मेहनत कर रहा हूं। यही मेरा काम है। बाकी का फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करता है। मुझसे जो भी करने को कहा जाएगा मैं वह करूंगा। बीरेन सिंह ने घोषणा की कि भाजपा निश्चित रूप से (60 सदस्यीय विधानसभा में) 40 से अधिक सीटें जीतेगी। उन्होंने भाजपा के विधायकों को "खरीदने" के कांग्रेस के आरोपों को भी खारिज किया।
स्मृति ईरानी ने किया प्रचार
केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी भी शुक्रवार को मणिपुर के दौरे पर हैं। यहां उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान यहां का पारंपरिक नृत्य भी किया। वे पूर्वी इंफाल के वानखेई क्षेत्र में एक कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान कुछ लोगों ने यहां के पारंपरिक नृत्य का प्रदर्शन किया।