Manipur के Kangpokpi में गोलीबारी में महिला की मौत के बाद 48 घंटे का बंद, बाजार रहे ठप

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में शुक्रवार को बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहने के कारण जनजीवन आंशिक रूप से प्रभावित रहा। एक दिन पहले दो प्रतिद्वंद्वी समूहों के बीच गोलीबारी में एक महिला की मौत के विरोध में एक आदिवासी संगठन ने बंद का आह्वान किया था। बसें और ऑटोरिक्शा सड़कों से नदारद रहे, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।

कांगपोकपी स्थित ‘कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी’ (सीओटीयू) ने बृहस्पतिवार आधी रात से 48 घंटे के बंद का आह्वान किया था। बृहस्पतिवार सुबह तफू कुकी गांव के पास गोलीबारी की घटना के बाद यह फैसला लिया गया। हालांकि, संगठन ने शैक्षणिक संस्थानों, चिकित्सा सेवाओं और आपातकालीन सेवाओं को बंद के दायरे से बाहर रखा है।

सीओटीयू के एक पदाधिकारी ने मांग की कि सभी केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बलों, विशेषकर सेनापति जिले के पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में काम कर रहे बलों को कांगपोकपी से हटाया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सेनापति के पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में की गई सुरक्षा व्यवस्था लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है। बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे कांगपोकपी के तफू कुकी गांव और पड़ोसी सेनापति जिले के कैलेंगजांग के पास एक इलाके में दो प्रतिद्वंद्वी समूहों के बीच गोलीबारी हुई।

इसमें 42 वर्षीय कुकी महिला की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि दो पुरुष घायल हो गए। मणिपुर में घाटी में रहने वाले मैतेई और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले कुकी समुदायों के बीच मई 2023 में शुरू हुए जातीय संघर्ष में अब तक कम से कम 306 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 49 लोग अब भी लापता हैं और हजारों लोग बेघर हो चुके हैं।

इस साल फरवरी से पहाड़ी जिलों में कुकी और नगा समुदायों के बीच हुई झड़पों में कम से कम 50 लोगों की मौत हो चुकी है।

प्रमुख खबरें

विदेशी पूंजी प्रवाह से Rupee में सुधार, शुरुआती सत्र में सात पैसे मजबूत होकर 94.05 पर पहुंचा

Kolkata Sairang Express हादसा: मुख्य Brake System बंद होने से डिगारू में पटरी से उतरी ट्रेन

G20 Summit तक द्विपक्षीय व्यापार समझौते का पहला चरण पूरा कर सकते हैं भारत और US: Nisha Biswal

बेंगलुरु को बड़ी सौगात: PM मोदी आज करेंगे Namma Metro Pink Line और वंदे भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन, जानें15,600 करोड़ की परियोजनाओं का विवरण