Manipur में सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई, 40 एकड़ में फैली अवैध अफीम की खेती नष्ट

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026

मणिपुर के उखरुल और कांगपोकपी जिलों में करीब 40 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती को नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, उखरुल जिले में सेना की महार रेजिमेंट, आठवीं बिहार रेजिमेंट, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) और राज्य पुलिस के जवानों की संयुक्त टीम ने लिटन थाना क्षेत्र में करीब 20 एकड़ में फैली अफीम की फसल नष्ट कर दी।

इस दौरान कथित तौर पर खेती करने वालों द्वारा इस्तेमाल की जा रही तीन झोपड़ियों को भी आग लगा दी गई। एक अन्य अभियान में कांगपोकपी जिला पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), वन विभाग, एनसीबी और सैतु-गामफाजोल के उपमंडल अधिकारियों की संयुक्त टीम ने कौब्रू आरक्षित वन क्षेत्र में के ल्हांगनोम गांव की पहाड़ी शृंखलाओं में करीब 20 एकड़ भूमि पर की जा रही अफीम की अवैध खेती को नष्ट कर दिया। पुलिस ने बताया कि अवैध खेती में कथित तौर पर इस्तेमाल की जा रही दो झोपड़ियों को जला दिया गया।

इसके अलावा, खरपतवारनाशक और खेती के उपकरण भी नष्ट कर दिए गए। इस संबंध में गामनोम-सापोरमेइना थाने में मामला दर्ज किया गया है। इस बीच, पुलिस ने इंफाल पूर्वी जिले में पोरमपाट डीसी रोड से एक कथित मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया और उसके पास से 27.76 किलोग्राम डब्ल्यूवाई टैबलेट बरामद कीं।

आरोपी की पहचान 33 वर्षीय मोहम्मद इमरान खान के रूप में हुई है। इसके बाद की गई कार्रवाई में एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान बिष्णुपुर जिले के क्वाक्ता सेवला निवासी 33 वर्षीय मोहम्मद अब्दुल रहमान के रूप में हुई है।

उसके पास से 12 बोर की एक नली वाली बंदूक और 40 कारतूस बरामद किए गए।

प्रमुख खबरें

Ghaziabad: पति को धीमा जहर देने के आरोप में Renu Bhatnagar गिरफ्तार

अब तो दूध का दूध और पानी का पानी हो गया, CEC Gyanesh Kumar के साथ कांग्रेस विधायक की फोटो पर BJP का राहुल गांधी पर तंज

Jensen Huang किसी जांच के दायरे में नहीं, JD Vance ने क्षमादान की अटकलें खारिज कीं

Constitution Day 2026 | संविधान दिवस पर पीएम मोदी ने खोले पुराने पन्ने, अनुच्छेद 370 और 356 का जिक्र कर पूर्ववर्ती सरकारों को घेरा