ISSF World Championship: 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में चूकीं Manu Bhaker, नहीं मिला ओलंपिक कोटा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 05, 2026

दोहा, पांच नवंबर भारत की स्टार निशानेबाज मनु भाकर और सुरूचि इंदर सिंह बृहस्पतिवार को यहां आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप की महिला 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में निराशाजनक प्रदर्शन करते हुए पदक की दौड़ से बाहर हो गईं। दोनों खिलाड़ी 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए कोटा स्थान हासिल करने में भी नाकाम रहीं। पेरिस ओलंपिक 2024 में दो कांस्य पदक जीतने वाली मनु 179.9 अंक के साथ पांचवें स्थान पर रहीं जबकि एशियाई खेलों की मिश्रित टीम स्पर्धा की स्वर्ण पदक विजेता सुरूचि ने 158.3 अंक के साथ छठा स्थान हासिल किया।

इसके साथ ही विश्व चैंपियनशिप में भारत का व्यक्तिगत पदक और ओलंपिक कोटा का इंतजार जारी रहा। चीन ने आठ निशानेबाजों के फाइनल में दबदबा बनाते हुए दोनों शीर्ष स्थान हासिल किए। जियांग रानशिन ने 242.4 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि उनकी हमवतन याओ कियानशुन ने 242.1 अंक के साथ रजत पदक अपने नाम किया।

हंगरी की वेरोनिका मेजर ने 222.1 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया। तीनों पदक विजेताओं ने लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए कोटा स्थान भी हासिल किए जबकि भारतीय निशानेबाजों को निराशा हाथ लगी। मनु फाइनल में निरंतरता बनाए रखने के लिए जूझती दिखीं।

उनके स्कोर 8.8 से 10.7 अंक के बीच रहे। वह 18वें शॉट के बाद बाहर हो गईं। सुरूचि को भी आठ और नौ अंक वाले शॉट का खामियाजा भुगतना पड़ा।

वह 16वें शॉट के बाद फाइनल से बाहर हो गईं। इससे पहले मनु, सुरूचि और संयम ने टीम स्पर्धा का रजत पदक जीता। यह चैम्पियनशिप लॉस एंजिलिस ओलंपिक व्यक्तिगत स्पर्धा का कोटा हासिल करने के लिये पहली बड़ी स्पर्धा है।

मनु क्वालीफिकेशन दौर में 583 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रही। एशियाई खेलों में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली सुरूचि आठवें स्थान पर रहकर फाइनल में पहुंची। चीन की रानशिन क्वालीफिकेशन में शीर्ष पर रही जबकि संयम 22वें स्थान पर रहीं।

भारतीय टीम ने 1738 अंक लेकर रजत पदक जीता जबकि चीन को 1745 अंक के साथ स्वर्ण पदक मिला।

प्रमुख खबरें

Titan के Jewellery और Watch सेगमेंट में तेजी से Net Profit बढ़कर Rs 2393 करोड़ पहुंचा

हनुमान प्रतिमा ने ट्रंप को हराया! 36 साल बाद अमेरिका में मचा हड़कंप

Dhanteras पर सोने-चांदी की बिक्री 30 फीसदी तक बढ़ने का अनुमान, GJC ने दी जानकारी

Europe में Bomb Threat के बाद सुरक्षा अलर्ट, Wizz Air और Ryanair की उड़ानों के रूट बदले