जन्मदिन के अवसर पर अशोक गहलोत सहित राजस्थान में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने सोनिया गांधी को बधाई दी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 09, 2022

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित राजस्थान में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी को शुक्रवार को जन्मदिन पर बधाई दी और उनके स्वस्थ जीवन एवं दीर्घायु की कामना की। उल्लेखनीय है कि सोनिया अपने जन्मदिन पर राजस्थान के सवाई माधोपुर स्थित रणथंभौर में हैं। मुख्यमंत्री गहलोत ने सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु होने की कामना की। गहलोत ने ट्वीट किया, ‘‘मैं संप्रग (संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन) अध्यक्ष सोनिया गांधी जी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं और बधाई देता हूं।

वह पार्टी के लिए शक्ति का स्रोत रही हैं, लोगों के कल्याण के प्रति उनका समर्पण और प्रतिबद्धता सभी के लिए प्रेरणा है। उनके प्रसन्न, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना।’’ कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने ट्वीट किया, ‘‘कुशल संगठनकर्ता, संप्रग अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके प्रभावशाली मार्गदर्शन में पार्टी नये कीर्तिमान एवं अपार सफलता अर्जित करे। मैं आपके सुदीर्घ एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।’’

इसे भी पढ़ें: Rajasthan: अशोक गहलोत ने कहा पड़ोसी राज्य से आकर अपराध करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘देश एवं पार्टी के प्रति आपकी सच्ची निष्ठा एवं समर्पण भाव हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। मैं आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।’’ पार्टी के अनेक पदाधिकारियों एवं मंत्रियों ने भी सोशल मीडिया के जरिए सोनिया को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उल्लेखनीय है कि सोनिया गांधी, उनके बेटे राहुल गांधी एवं बेटी प्रियंका गांधी बृहस्पतिवार को अलग-अलग जगहों से रणथंभौर पहुंचे।

राहुल की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ इस समय राजस्थान के कोटा-बूंदी इलाके में है। यात्रा के तहत शुक्रवार को विश्राम का दिन रखा गया है। सोनिया गांधी शुक्रवार को 76 साल की हो गईं। वह दो दशक से अधिक समय तक कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं। 2004 से 2014 तक कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की सरकार के समय वह इस गठबंधन की अध्यक्ष थीं और राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की भी प्रमुख रहीं।

प्रमुख खबरें

1.5 करोड़ मतदाताओं के नाम हटवाना चाहती है बीजेपी, ममता ने चुनाव आयोग पर साधा निशाना

Chai Par Sameeksha: Parliament Session कितना सार्थक रहा? Priyanka Vadra के रुख ने क्या संकेत दिया?

AgustaWestland case: जमानत की शर्तों में क्रिश्चियन मिशेल को चाहिए बदलाव, कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा

Aravalli Hills को लेकर चल रही बयानबाजी तेज, पर्यावरण मंत्री के स्पष्टीकरण से आंदोलनजीवी कठघरे में