By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 11, 2026
रिपब्लिकन पार्टी की नेता मारिया एलविरा सालाजार ने मंगलवार को अमेरिका में फ्लोरिडा के 27वें कांग्रेस निर्वाचन क्षेत्र से डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार एलियट रोड्रिगेज को हराकर प्रतिनिधि सभा का चुनाव जीत लिया। पूर्व पत्रकार सालाजार ने आव्रजन को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सख्त नीति से खुद को अलग करते हुए लगातार चौथी बार जीत हासिल की। उन्होंने चुनाव प्रचार के एक वीडियो में कहा था कि जिन हिस्पैनिक मतदाताओं ने ट्रंप को चुनाव जिताने में मदद की थी, वे अब खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
हिस्पैनिक उन लोगों को कहा जाता है जिनकी पारिवारिक या सांस्कृतिक जड़ें स्पेन अथवा स्पेनिश भाषी लैटिन अमेरिकी देशों से जुड़ी हैं। रोड्रिगेज भी पूर्व पत्रकार हैं और मियामी में सीबीएस से संबद्ध एक टेलीविजन चैनल में समाचार प्रस्तोता रह चुके हैं। उन्होंने भी राष्ट्रपति की आव्रजन नीति की आलोचना करते हुए इसे अमानवीय बताया था।