By अभिनय आकाश | Sep 01, 2026
इंडियन नेवी को दूसरा डाइविंग सपोर्ट वेसल INS निपुण मिल गया है। इसे मुंबई में नेवी डॉक्यार्ड में हुई एक सेरेमनी में नेवी में शामिल किया गया यह निस्तार क्लास का दूसरा डाइविंग सपोर्ट वेसल (DSV) है हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड (HSL) विशाखापत्तनम ने 'निपुण' को देश में ही डिजाइन और तैयार किया है। यह खास तौर पर गोताखोरी और पानी के नीचे किए जाने वाले विभिन्न अभियानों में मददगार है। इस जहाज में आधुनिक डाइविंग सिस्टम और पानी के नीचे काम करने की क्षमता है। इससे समुद्र में कठिन हालात में काम कर रहे गोताखोरों को लंबे समय तक सहायता दी जा सकेगी। यह जहाज पनडुब्बी को बचाने यानी सबमरीन रेस्क्यू ऑपरेशन में नेवी की क्षमता को भी बढ़ाएगा।
एडमिरल स्वामीनाथन ने कहा कि INS निपुण को शामिल करना भारतीय नौसेना, हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड और घरेलू औद्योगिक नेटवर्क के बीच बेहतरीन तालमेल को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि एक ही बार में समुद्र में परीक्षण के दौरान सभी डाइविंग सिस्टम की क्षमता साबित करना देश के तकनीकी आत्मविश्वास और इंजीनियरिंग कौशल का सबूत है। नौसेना प्रमुख ने कहा कि समुद्री इलाके में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और ग्लोबल समुद्री रास्तों पर बढ़ते खतरों के बीच, युद्ध के लिए तैयार रहना नौसेना की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वेस्टर्न नेवल कमांड के तहत वेस्ट कोस्ट पर तैनात INS निपुण, मल्टी-डोमेन ऑपरेशन को जारी रखने के लिए ज़रूरी खास अंडरवाटर क्षमताओं में एक अहम बढ़ोतरी होगी।