By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 06, 2022
नयी दिल्ली। सेंसेक्स की शीर्ष 10 में आठ कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 1,51,456.45 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। सबसे अधिक लाभ में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) रही। बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,444.59 अंक या 2.52 प्रतिशत के लाभ में रहा। शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में सिर्फ रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी के बाजार पूंजीकरण में गिरावट आई। समीक्षाधीन सप्ताह में टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 46,016.2 करोड़ रुपये के उछाल से 14,11,058.63 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
भारती एयरटेल ने सप्ताह के दौरान 2,361.57 करोड़ रुपये जोड़े और उसका बाजार मूल्यांकन 3,95,535.80 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस रुख के उलट एचडीएफसी का बाजार मूल्यांकन 2,870.45 करोड़ रुपये घटकर 4,53,231.97 करोड़ रुपये रह गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 2,396.57 करोड़ रुपये घटकर 15,77,382.90 करोड़ रुपये पर आ गया। शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एसबीआई, एचडीएफसी, बजाज फाइनेंस और भारती एयरटेल का स्थान रहा।