नक्सल प्रभावित इलाके में बोले राजनाथ, विधायक और जवानों की शहादत नहीं जाएगी व्यर्थ

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 11, 2019

बसना। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि विधायक भीमा मंडावी और जवानों की बस्तर में हुई शहादत को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा तथा इसके लिए जिम्मेदार नक्सलियों को माफ नहीं किया जाएगा। सिंह ने यहां दशहरा मैदान में चुनाव रैली को संबोधित करते हुए कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लोकतांत्रिक तरीके से ही परिवर्तन लाया जा सकता है। बंदूक से परिवर्तन संभव नहीं है। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि देश में नक्सलियों की कमर टूट चूकी है, अब वह कमजोर हो गए हैं। केंद्र सरकार नक्सलियों के खिलाफ इस लड़ाई में राज्य सरकार के साथ खड़ी है। 

उन्होंने कहा कि बस्तर में हुए नक्सली हमले में विधायक भीमा मंडावी और जवानों की शहादत से वह दुखी हैं। उनकी शहादत को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा तथा इसके लिए जिम्मेदार नक्सलियों को माफ नहीं किया जाएगा। सिंह ने दंतेवाड़ा हमले में मृत विधायक और जवानों को श्रध्दांजलि भी दी। राज्य के दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों ने मंगलवार को बारूदी सुरंग में विस्फोट कर क्षेत्र के विधायक के वाहन को उड़ा दिया था। इस घटना में भाजपा विधायक भीमा मंडावी, वाहन चालक और तीन जवानों की मृत्यु हो गई थी। सिंह ने विपक्षी दल कांग्रेस पर हमला किया और कहा किकांग्रेस घोषणा पत्र में कहती है कि राजद्रोह का कानून भंग करेंगे। क्या राष्ट्रद्रोहियों को माफ किया जाना चाहिए। हमारी सरकार आएगी, तब कानून खत्म नहीं होगा। 

उन्होंने कहा कि फ्रांस से राफेल खरीदा गया था जिसे लेकर कांग्रेस हल्ला मचा रही है। यही काम यदि कांग्रेस कर लेती तब हमें पाकिस्तान नहीं जाना पड़ता, देश की धरती से ही हम उनका विनाश कर देते। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वाले को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। आखिर प्रधानमंत्री मोदी किसे कमा कर देंगे, किसके लिए घोटाला करेंगे। मोदी जी देश के लिए जीते हैं। सिंह ने कहा कि देश में पनडुब्बी घोटाला, टू जी घोटाला जैसे कई घोटाले कांग्रेस ने किये हैं। कांग्रेस के नेता जेल भी जा चुके हैं और वे हम पर आरोप लगाते हैं। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि कांग्रेस एयर स्ट्राइक का सबूत मांगती है। यदि इसमें आतंकी मारे नहीं जाते तब पाकिस्तान परेशान क्यों होता। इंदिरा जी ने जब पाकिस्तान को धूल चटाया तब अटल जी ने संसद में प्रशंसा की थी। उस समय जवाब देने के लिए इंदिरा जी की तारीफ हो सकती है तो फिर मोदी जी की क्यों नहीं हो सकती। 

इसे भी पढ़ें: कश्मीर में अलग PM की बात होगी तो अनुच्छेद 370, 35ए हटाने के अलावा विकल्प नहीं: राजनाथ

सिंह ने कहा कि देश के वैज्ञानिकों ने एंटी सैटेलाइट मिसाइल तैयार किया है जो दुश्मन देश के सैटेलाइट को मार गिरा सकता है। भारत अब किसी देश की तुलना में पीछे नहीं है। केंद्रीय मंत्री ने राज्य की कांग्रेस सरकार के बारे कहा कि राज्य में आतंक का साया है। नई सरकार (कांग्रेस की) बनी लेकिन क्या हो रहा है यह बताने की जरूरत नहीं है। सिंह ने इस दौरान महासमुंद लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी चुन्नीलाल साहू के लिए वोट मांगा और कहा कि भाजपा ने जो कहा वह किया है। भाजपा एक बार फिर वादा निभाएगी।राज्य के महासमुंद क्षेत्र के लिए दूसरे चरण में 18 अप्रैल को मतदान होगा। 

प्रमुख खबरें

SEBI Order के खिलाफ SAT पहुंचे Zee Entertainment और Punit Goenka, बुधवार को होगी अहम सुनवाई

Lionel Messi को चैंपियन बनाने वाले पिता Jorge Messi का निधन, दिग्गज Rafael Nadal ने जताया गहरा शोक

Aston Villa छोड़ PSG लौटे Lucas Digne, 11 साल बाद फिर पहनेंगे पेरिस की जर्सी, 2029 तक हुआ Deal साइन

5 साल के फतेह ने Thailand में रचा इतिहास, Gatka on Skates में जीता World Martial Arts Games Gold Medal