By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 01, 2020
नयी दिल्ली। देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) की बिक्री नवंबर में 1.7 प्रतिशत बढ़कर 1,53,223 इकाई पर पहुंच गईं। पिछले साल नवंबर में कंपनी ने 1,50,630 वाहन बेचे थे। मारुति ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि नवंबर में घरेलू बाजार में उसकी बिक्री मामूली बढ़कर 1,44,219 इकाई पहुंच गई। नवंबर, 2019 में घरेलू बाजार में उसने 1,43,686 वाहन बेचे थे। कंपनी की मिनी कारों....आल्टो और एस-प्रेसो की बिक्री 15.1 प्रतिशत घटकर 22,339 इकाई रह गई, जो एक साल पहले समान महीने में 26,306 इकाई रही थी। इसी तरह कॉम्पैक्ट खंड में स्विफ्ट, सेलेरियो, इग्निस, बलेनो और डिजायर की बिक्री 1.8 प्रतिशत घटकर 76,630 इकाई रह गई, जो एक साल पहले समान महीने में 78,013 इकाई रही थी।