प्रवचन के माहिर (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | May 14, 2025

उन्होंने मनपसंद पोशाक का चुनाव किया ताकि सेविका उसे तैयार कर दे। बालों में तनपसंद भीनी, मादक सुगंध वाले पीले रंग के ताज़ा फूल लगवाए। कार चालक को पिछले कल ही अपनी सांसारिक इच्छा ज़ाहिर कर दी थी कि कल सुबह क्यूंकि वीरवार है इसलिए विशाल और विराट प्रवचन में हलके पीले रंग की कार में जाएंगे। अपनी खास गाड़ियों में वे किसी अन्य व्यक्ति को बैठने का अवसर नहीं देती। उस दौरान स्वयं अपने साथ होती हैं और उनका मोबाइल होता है। उनका पूरा स्टाफ उनके पीछे आ रही नौ सीटों वाली गाडी में चलता है। ‘नौ’ को अपना सौभाग्यशाली अंक मानती हैं। 

इसे भी पढ़ें: नकली बुद्धि की असली बातें (व्यंग्य)

इतने ज्यादा ईष्टों की सुविधा भी हर कहीं नहीं होती। पैसा है तो सुविधा है और चुनाव की इच्छा भी है। फिर प्रवचन और भजन भी तो उत्पाद ही हैं तभी तो स्वादिष्ट भजन करवाने वाले कहते हैं कि भगवान् ने यह दुनिया इसलिए सुन्दर बनाई ताकि आराम से भजन कर सकें। उन्होंने यह राज़ सबके सामने खोल दिया कि संसार कुएं की तरह है। देखिए कैसे उलझाया प्रवचन सुनने वालों को। कुएं तो शहरों में आजकल होते ही नहीं। तुलना ऐसी ही करनी चाहिए जिसमें कोई खतरा न हो। लाखोँ रूपए की अनुपम कार में आए कुशाग्र प्रवचक ने मूल्यवान सलाह दी, इस संसार में हमको लिप्त नहीं होना है। कुएं में से बाल्टी में पानी निकालने की तरह ज़रूरत की चीज़ों का उपभोग और उपयोग करना है। सांसारिक चीज़ों और सुविधाओं को अपने ऊपर हावी नहीं होने देना है। 

हज़ारों लोगों ने उनका प्रवचन बहुत ध्यान से सुना और कुछ देर के लिए सांसारिक स्वार्थों से दूरी बनाए रखी। प्रवचन समाप्ति के बाद पंडाल के बाहर लगी दुकान से लोगों ने टी शर्टस खरीदी जिन पर मोक्ष, सत्य, प्रेम, आराधना, भविष्य, वैराग्य, सदमार्ग, स्वास्थ्य और निस्वार्थ वगैरा छपा हुआ था।  

प्रवचन संपन्न कर वापिस जाते हुए उन्हें व्यक्तिगत सचिव ने याद दिलाया कि जिस बाग़ में नए विदेशी फूल खिले हुए हैं वहां उनका फोटो शूट है। उन्हें नए विज्ञापन पट्टों की बहुत ज़रूरत है।  पिछले कुछ चित्रों में उन्हें मोटापा जी ने आशीर्वाद देना शुरू कर दिया था, जिसे उन्होंने स्वास्थ्य आहार विशेषज्ञों की व्यवहारिक सलाह लेकर लौटा दिया है। प्रवचन में माहिर ऐसे नहीं बनते। 

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

Surat में Sunday Off की मांग पर 500 कढ़ाई कर्मचारियों ने किया अमरोली में प्रदर्शन

Tejashwi Yadav ने Bihar में परीक्षा पेपर लीक पर साधा निशाना, 19 अगस्त को राजभवन मार्च का ऐलान

Varanasi Airport पर पिस्तौल से गोली चलने से 2 कर्मी घायल, यात्री पर केस दर्ज

Hyderabad के EFLU में 14 छात्र गिरफ्तार, ABVP और NSUI में हुई थी झड़प