Mau News: दुष्कर्म पीड़िता के पिता पर झूठा केस दर्ज कराने वाला UP Police सिपाही गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 31, 2026

उत्तर प्रदेश के मऊ में नाबालिग लड़की के पिता को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की साजिश रचने के आरोप में एक पुलिस कांस्टेबल और तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया। लड़की ने पूर्व में कांस्टेबल पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल और अन्य सबूतों की जांच के दौरान शिकायत के पीछे कथित साजिश का पता चला। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान मऊ पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल विशाल भारती, सकीना खातून, निसार उर्फ नेसार अहमद और जोया उर्फ गुल निहार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इस साजिश का संबंध 2023 में भारती के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म के एक मामले से था।

उस समय भारती मुहम्मदाबाद गोहना थाने में तैनात था। नाबालिग लड़की ने भारती पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और उसके निजी वीडियो प्रसारित करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।

इस मामले में भारती करीब सात महीने जेल में रहा था। फिलहाल इस मामले की सुनवाई मऊ की सत्र अदालत में जारी है। पुलिस का आरोप है कि पहले मामले में दोषी ठहराए जाने की आशंका के बाद भारती ने तीन अन्य आरोपियों के साथ मिलकर साजिश रची।

इसके तहत शिकायत करने वाली महिला को पैसे देने का लालच देकर लड़की के पिता के खिलाफ दुष्कर्म का नया मामला दर्ज कराया गया। पुलिस के अनुसार, इस साजिश का मकसद पहले मामले की सुनवाई को प्रभावित करना और नाबालिग लड़की के परिवार पर दबाव बनाना था। चारों आरोपियों को शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे सोनीधापा मैदान के पास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि जांच में लड़की के पिता के खिलाफ लगाए गए आरोप झूठे पाए गए और उन्हें गलत तरीके से इस मामले में फंसाया गया था।

प्रमुख खबरें

नमामि गंगे: 2026 में नई वेटलैंड परियोजनाओं को नहीं मिला बजट, RTI में NMCG का जवाब

Russia-Ukraine War | यूक्रेन ने दहलाया मॉस्को, रूस का बदला शुरू

भारतीय Hockey Team की जर्सी विवाद पर बोले भोला नाथ, टिर्की को भी थी पूरी जानकारी

केंद्रीय मंत्री Hardeep Singh Puri ने MP राज्यसभा उपचुनाव के लिए भरा पर्चा