देश के 41 गंतव्यों तक जल्द पहुंच सकती हैं कोरोना वैक्सीन की दो करोड़ खुराकें

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 06, 2021

इंदौर। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की एक सहायक कंपनी के एक आला अधिकारी ने बुधवार को कहा कि पहले चरण में पुणे से कोविड-19 के टीके की दो करोड़ खुराकों को आठ जनवरी तक देश के 41 गंतव्यों तक पहुंचाने की योजना पर काम जारी है। एएआई कार्गो लॉजिस्टिक्स एंड अलाइड सर्विसेज (आईक्लास) के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) के. सेल्वाकुमार ने यहां एक कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं को बताया, पहले चरण में कोविड-19 टीके की दो करोड़ खुराकों को पुणे से देश भर के 41 गंतव्यों तक 100 से ज्यादा उड़ानों की मदद से पहुंचाया जाना है। यह वितरण आज छह जनवरी से आठ जनवरी के बीच किए जाने की योजना है। 

सेल्वाकुमार ने बताया, तय तापक्रम बनाए रखने के लिए टीके को विशेष जेल वाली पैकिंग में रखा जाएगा। यह जेल 24 घंटे तक उचित तापक्रम कायम रखेगा। यानी पैक किए जाने के 24 घंटे के भीतर टीके को संबंधित व्यक्ति को लगाया जाना जरूरी होगा। उन्होंने बताया, कश्मीर से कन्याकुमारी के बीच का फासला हवाई मार्ग से चार घंटे में तय किया जा सकता है। टीकाकरण के लिए अलग-अलग सरकारी विभागों में तालमेल रहेगा। ऐसे में तय समय-सीमा के भीतर टीका लगाए जाने में कोई दिक्कत नहीं होगी। 

इसे भी पढ़ें: कोरोना वैक्सीन ट्रायल के नाम पर फर्जीवाड़े के आरोप, भोपाल के पीपुल्स अस्पताल में हुआ वैक्सीन ट्रायल 

गौरतलब है कि भारत के औषधि नियामक ने पुणे के सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) द्वारा निर्मित कोविड-19 टीके कोविशील्ड और भारत बायोटेक के स्वदेश में विकसित टीके कोवैक्सीन के देश में सीमित आपात इस्तेमाल को रविवार को मंजूरी दी थी। एसआईआई ने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय और एस्ट्राजेनेका के साथ मिलकर कोविशील्ड टीके को तैयार किया है। सेल्वा कुमार, इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर हवाई अड्डे पर नये अंतरराष्ट्रीय एयर कार्गो टर्मिनल के लोकार्पण समारोह में शामिल होने इंदौर आए थे। इस टर्मिनल को एएआई कार्गो लॉजिस्टिक्स एंड अलाइड सर्विसेज (आईक्लास) ने 2.26 करोड़ रुपये की लागत से बनाया है।

प्रमुख खबरें

CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग: Abhijeet Deepke ने दिल्ली जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया

MP Deputy CM Jagdish Devda ने OSD को पद से हटाया, शराब ठेके में रिश्वत के आरोपों पर जांच का आदेश

Kerala cabinet: बुजुर्गों की देखभाल को कानूनी गारंटी देने वाले विधेयक को मिली मंजूरी

Delhi Police ने 2021 के मर्डर केस में भगोड़ा हरीश उर्फ पिलुआ पकड़ा