By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 29, 2026
मेरठ के गंगानगर थाना क्षेत्र में घरेलू सहायिका द्वारा मालकिन को कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करने और कीमती सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब दो करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण, प्राचीन धातु की मुद्राएं, पुराने सिक्के और 3.56 लाख रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, 32 छोटे-बड़े सिक्के, 111 पुराने सिक्के और प्राचीन धातु की आठ मुद्राएं बरामद की हैं। इसके अलावा, 3.56 लाख रुपये भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद आभूषणों और सिक्कों का अनुमानित मूल्य करीब दो करोड़ रुपये है।
पुलिस ने चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है। बरामदगी के आधार पर मामले में अन्य संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं।