By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 28, 2026
मेरठ जिले में बुधवार सुबह एक स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे उसमें सवार 14 बच्चे चोटिल हो गये। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण क्षेत्र) अभिजीत कुमार ने बताया कि रोहटा थाना क्षेत्र के चिंदौड़ी-सतवई मार्ग पर सुबह करीब सात बजे स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली।
कुमार ने बताया कि बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है और पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए साक्ष्य जुटा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालने के लिए ग्रामीणों ने उसके शीशे तोड़े और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घटना की सूचना मिलने पर बच्चों के परिजन और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, परिजनों ने स्कूल पहुंचकर प्रबंधन के सामने बच्चों की सुरक्षा को लेकर नाराजगी जताई।