By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 25, 2026
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से पूछा कि अमरनाथ यात्रा मार्ग पर पर्यावरण की दृष्टि से बेहद संवेदनशील शेषनाग क्षेत्र तक सड़क बनाने के लिए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के साथ समझौता ज्ञापन की अवधि क्यों बढ़ाई गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस फैसले पर स्पष्टीकरण देने की मांग की। पर्यावरणविदों ने आशंका जताई है कि निर्माण कार्य से अनंतनाग जिले में स्थित हिमनदीय झील शेषनाग और उसके आसपास के पर्वतीय क्षेत्र की पारिस्थितिकी को नुकसान पहुंच सकता है।
महबूबा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हैरानी की बात है कि 23 जनवरी, 2026 को उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली कैबिनेट ने बीआरओ की ‘प्रोजेक्ट बीकन’ के साथ एमओयू की अवधि बढ़ाकर शेषनाग तक सड़क बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।’’ पूर्व मुख्यमंत्री ने मंगलवार को निर्माण स्थल का दौरा करने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। उन्होंने कहा, ‘‘विकास के नाम पर यह हमारी नाजुक पारिस्थितिकी पर हमला है। इससे शेषनाग का पारिस्थितिकी तंत्र और अमरनाथ यात्रा, दोनों खतरे में पड़ सकते हैं।’’ उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या मुख्यमंत्री और पर्यटन विभाग इस एमओयू और दी गई मंजूरी के बारे में स्पष्टीकरण देंगे?
क्या वे अपरिवर्तनीय नुकसान होने से पहले इसे वापस लेंगे?’’ सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने सोमवार को कहा था कि वह अमरनाथ यात्रा के बाद का निर्माण कार्य सभी सुरक्षा मानकों और पर्यावरण संरक्षण के उपायों का पालन करते हुए कर रहा है। इस बीच, ऊंचाई पर स्थित झील के आसपास निर्माण कार्य के विरोध में शुरू की गई एक ऑनलाइन याचिका को समर्थन मिल रहा था, लेकिन वह रातोंरात वेबसाइट से गायब हो गई। पर्यावरण कार्यकर्ता जर्का बांदे की ओर से ‘चेंज डॉट ओआरजी’ पर ‘कश्मीर की पर्वतीय झीलों के आसपास निर्माण कार्य रोकें’ शीर्षक से यह याचिका शुरू की गई थी।
इसे 1,600 लोगों के हस्ताक्षर मिले थे, लेकिन बाद में यह वेबसाइट से गायब हो गई। याचिका में अधिकारियों से स्थानीय पर्यावरणविदों और समुदायों के समूहों के साथ बातचीत कर आगे का कोई टिकाऊ रास्ता निकालने की अपील की गई थी। जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने भी मंगलवार को झील के पास खुदाई करने वाली मशीन तैनात करने पर सवाल उठाए।
कश्मीर के प्रमुख धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक ने भी इस याचिका पर हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमें अपने पर्यावरण के सबसे संवेदनशील इलाकों में हो रही इस बेतहाशा तबाही को रोकने के लिए सामूहिक रूप से आवाज उठानी होगी।’’ मीरवाइज ने उमर अब्दुल्ला को एक जनप्रतिनिधि होने के नाते इस मुद्दे पर अपनी बात रखने की चुनौती भी दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘हमारे मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला चुप क्यों हैं?
जनता के चुने हुए प्रतिनिधि के तौर पर यह उनका कर्तव्य है कि वे इस मुद्दे पर बोलें और इस लूट को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाएं। मैंने इस याचिका पर हस्ताक्षर किए हैं और कश्मीर के नाजुक पर्यावरण को बचाने की इच्छा रखने वाले सभी लोगों से भी ऐसा करने की अपील करता हूं।’’ दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू कश्मीर इकाई ने मंगलवार को इस मुद्दे पर सवाल उठाने वालों पर पर्यावरण के मामले में चुनिंदा रुख अपनाने का आरोप लगाया। पार्टी ने कहा कि वह विकास के मुद्दे को सांप्रदायिक रंग देने, वार्षिक तीर्थयात्रा को कमजोर करने या घाटी की शांति भंग करने की किसी भी कोशिश का कड़ा विरोध करेगी।
पार्टी के प्रवक्ता और पूर्व विधान परिषद सदस्य गिरधारी लाल रैना ने एक बयान में कहा, ‘‘जिस मुद्दे को पर्यावरण से जुड़ा मामला बताया जा रहा है, वह धीरे-धीरे विवाद खड़ा करने, शांतिपूर्ण माहौल बिगाड़ने और संकीर्ण राजनीतिक लाभ के लिए धार्मिक भावनाओं का इस्तेमाल करने की कोशिश नजर आने लगा है।’’ दक्षिण कश्मीर के जिले में स्थित इस संवेदनशील झील के पास एक खुदाई मशीन से काम किए जाने का वीडियो सामने आने के बाद इस मामले को लेकर आक्रोश पैदा हो गया।