By दिव्यांशी भदौरिया | Nov 22, 2026
सर्दियों के मौसम में हरी सब्जियों का सेवन करने का एक अलग ही मजा होता है। इस मौसम में ताजी हरी मेथी और मटर की भरमार देखने को मिलती है। ठंड के मौसम में इन दोनों चीजों से बनने वाली अलग-अलग डिशेज तैयार करते हैं। इसी में से एक है मैथी मटर मलाई रेसिपी।
इसे बनाना काफी आसान है। बस आपको कुछ बातों का विशेष ध्यान देना है, घर पर ही रेस्टोरेंट और ढाबे जैसी मेथी मटर मलाई बना सकते हैं। आइए आपको बताते हैं ढाबे जैसी मलाई मटर।
मेथी मटर मलाई बनाने के लिए सामग्री
1 कप- ताजी मेथी की पत्तियां
1 कप- हरी मटर
1 बड़ा- प्याज
1- टमाटर
10-12- काजू
2- हरी मिर्च
1 चम्मच- अदरक-लहसुन का पेस्ट,
आधा कप- दूध
3-4 चम्मच- ताजी मलाई
2 चम्मच- तेल,
1 चम्मच- घी और स्वादानुसार नमक
1/2 चम्मच- जीरा
1/2 चम्मच- लाल मिर्च पाउडर,
1/2 चम्मच- धनिया पाउडर
थोड़ी सी- कसूरी मेथी
एक चुटकी- गरम मसाला
मेथी मटर मलाई बनाने का तरीका
मेथी मटर मलाई का स्वाद अच्छा करने के लिए सबसे जरुरी है कि मेथी का कड़वापन दूर करना। इसके लिए मेथी की पत्तियों को डंठल सहित अलग कर लें और अच्छे से धो लें। अब बारीक काटकर थोड़ा नमक मिलाएं और 10 मिनट के लिए रख दें। फिर मेथी को हल्के हाथों से निचोड़ लें। ऐसा करने से इसका अतिरिक्त पानी और कड़वापन कम करने में मदद मिलेगी। इस बात का ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा मेथी को न निचोड़ें, वरना इसका प्राकृतिक टेस्ट कम हो सकता है।
ढाबे जैसी मलाईदार ग्रेवी तैयार करने की प्रक्रिया
अब ग्रेवी को गाढ़ा और मलाईदार बनाने के लिए काजू को 10 मिनट गर्म पानी में भिगों दें। इसके बाद एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करके प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर भून लें। इसमें भीगे हुए काजू डालें और सभी चीजों को अच्छे से पका लें। मिश्रण ठंडा होने पर इसे मिक्सर में डालकर बारीक बेस्ट बना लें। इस पेस्ट से सब्जी को ढाबे जैसी गाढ़ी और रिच ग्रेवी बना सकते हैं।
मेथी और मटर पकाने का प्रोसेस
अब कड़ाही में घी और तेल गर्म करें। इसमें जीरा डालें और इसे चटकने दें। अब तैयार की गई ग्रेवी का पेस्ट डालकर धीमी आंच पर 4-5 मिनट तक भून लें। इसके बाद धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक डालकर मिलाएं। अब हरी मटर डालें और थोड़ा पानी डालकर ढक दें। मटर को हल्का नरम होने दें और फिर इसमें कटी हुई मेथी डालें। अब दूध डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिला लें। 5 मिनट तक इसे पकने दें।
मलाई डालने का समय
मटर और मेथी अच्छे से पकने के बाद गैस धीमी कर दें। अब इसमें ताजी मलाई और एक चुटकी गरम मसाला डालें। इसके बाद इसमें कसूरी मेथी को हथेलियों के बीच मसल लें और फिर डालें। अब इसको आप 2 मिनट पकाएं और गैस बंद कर दें। ध्यान रहे कि मलाई डालने के बाद सब्जी को तेज आंच पर ज्यादा देर तक न पकाएं, ऐसा करने से ग्रेवी का टेक्सचर खराब होता है।
रोटी और पराठे के साथ सर्व करें
तैयार है आपकी स्वादिष्ट ढाबा स्टाइल मेथी मटर मलाई। इसके ऊपर से थोड़ी मलाई और हरे धनिये से सजाएं। इस सब्जी को गरमा-गरम तंदूरी रोटी, नान, पराठे या जीरा राइस के साथ परोस कर सकते हैं। यदि आपको ग्रेवी थोड़ी पतली खानी है, तो आप इसमें गर्म दूध या पानी मिला सकते हैं।