नई शुरुआत की उम्मीद में यूपी से प्रवासी श्रमिक वापस जा रहे हैं महाराष्ट्र

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 05, 2020

गोरखपुर। लॉकडाउन के दौरान घरों पर लौटे बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिकों ने नई शुरुआत की उम्मीद में वापस उन जगहों पर लौटना शुरू कर दिया है, जहां वे पहले कार्य करते थे। गोरखपुर से मुंबई के लिए रोजाना दो ट्रेनें तथा एक दिन छोड़ अगले दिन चलने वाली एक ट्रेन है और इनमें ज्यादातर संख्या में प्रवासी श्रमिक सवार होकर अपने गंतव्य को जा रहे हैं। कुशीनगर एक्सप्रेस और गोरखपुर मुंबई एलटीटी सुपरफास्ट विशेष ट्रेन रोजाना मुंबई जाती हैं जबकि गोरखपुर और बांद्रा के बीच अवध स्पेशल रेलगाड़ी सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को चलती है। 

 

इसे भी पढ़ें: प्रवासी श्रमिकों के मामले में केंद्र और राज्यों को 15 दिन का वक्त देने का विचार कर रहा न्यायालय


मुंबई जाने वाली रेलगाड़ियां हालांकि अभी पूरी तरह भर कर नहीं जा रही हैं। महाराष्ट्र के ग्रीन जोन में उद्योग शुरू हो गए हैं और वे उन श्रमिकों को वापस बुला रहे हैं जो लॉकडाउन के दौरान अपने घरों को चले गए थे। महाराष्ट्र पहुंचने वाले श्रमिक 14 दिन घर पर प्रथकवास के बाद अपना कार्य शुरू कर सकते हैं। महाराजगंज के सत्येंद्र कुशवाहा ने रेलवे स्टेशन पर अपनी ट्रेन का इंतजार करने के दौरान ‘‘पीटीआई-भाषा’’ को बताया कि वह एक लेमिनेशन कंपनी में काम कर रहे थे। उनका परिवार गांव में रहता है। लॉकडाउन के दौरान वह बेरोजगार हो गए थे और उनकी बचत का पैसा भी कम होने लगा। एक महीने पहले वह अपने गांव पहुंचे थे। सफर पैदल भी तय किया और ट्रक में बैठकर भी। 

 

इसे भी पढ़ें: केंद्रीय मंत्री का दावा, PM ने 130 करोड़ लोगों को कोरोना से बचाया


उन्होंने बताया कि अब उनकी फैक्टरी के मालिक वापस बुला रहे हैं और उनके कौशल के हिसाब से गांव में कोई काम नहीं है इसलिए वह वापस लौट रहे हैं। एक अन्य प्रवासी श्रमिक राम मनोहर गोरखपुर के पिपराइच में रहते हैं। वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ वापस नासिक जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह बैग बनाने वाली कंपनी में काम करते थे और लॉकडाउन के बाद बेरोजगार हो गए थे। एक अन्य श्रमिक सुमित शर्मा गैस कटर मशीन चलाते हैं और पहले मुंबई में काम करते थे। वह 29 दिन पहले मुंबई से देवरिया स्थित गांव पहुंचे थे। उन्हें भी फैक्टरी के मालिक ने वापस बुलाया है।

प्रमुख खबरें

जेफ्री एप्स्टीन फाइल्स जारी, भारी रेडैक्शन और गायब दस्तावेजों पर विवाद

वेनेजुएला और रूस-यूक्रेन तनाव से कच्चे तेल की कीमतों में उछाल

RBI के हस्तक्षेप से रुपये को सहारा, बॉन्ड यील्ड और विदेशी निवेश पर नजर

Kajaria Bathware में 20 करोड़ की कथित धोखाधड़ी, CFO के खिलाफ पुलिस में शिकायत