By रेनू तिवारी | Jul 13, 2026
जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में रविवार देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इस भूकंप की तीव्रता 3.6 मापी गई है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, यह एक हल्का भूकंप था, जिससे फिलहाल किसी बड़े जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस संबंध में जानकारी साझा की है। विभाग के मुताबिक, भूकंप देर रात ठीक 2:00 बजे आया। इसका केंद्र (Epicenter) जमीन के भीतर 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।
देर रात जब अचानक धरती हिली, तो बारामूला और उसके आस-पास के इलाकों में लोग सहम गए। रात के समय आए इन झटकों के कारण स्थानीय निवासियों में कुछ देर के लिए घबराहट का माहौल बन गया और कई लोग एहतियात के तौर पर घरों से बाहर निकल आए।
राहत की बात यह है कि अभी तक जिले में किसी के हताहत होने या किसी भी प्रकार की संपत्ति के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। स्थानीय प्रशासन पूरी स्थिति पर पैनी नज़र बनाए हुए है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, सतर्क रहें और घबराएं नहीं।
फरवरी में भी हिला था बारामूला
बता दें कि घाटी का यह क्षेत्र भूकंप के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। इससे पहले बीते फरवरी महीने में भी बारामूला जिले में भूकंप का एक तगड़ा झटका महसूस किया गया था, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.6 दर्ज की गई थी। उस समय भूकंप का केंद्र बारामूला का पट्टन इलाका था। हालांकि, उस दौरान भी कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ था।